Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से शानदार जवाब दिया है। T20 मुंबई लीग 2026 में ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE के कप्तान सूर्यकुमार ने MSC मराठा रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 72 रन की विस्फोटक पारी खेलकर अपनी टीम को सीजन की पहली जीत दिलाई। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 153 रन का लक्ष्य 4 ओवर शेष रहते 6 विकेट से हासिल कर लिया।

सिल्वेस्टर डिसूजा ने गेंद से मचाया कहर

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। MSC मराठा रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन इसके बाद सिल्वेस्टर डिसूजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 5 विकेट झटक लिए।

रॉयल्स के लिए कप्तान सिद्धेश लाड ने 16 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि चिन्मय सुतार ने 36 और मैक्सवेल स्वामीनाथन ने 36 रन का योगदान दिया। हालांकि मध्यक्रम के लड़खड़ाने के कारण पूरी टीम 19.5 ओवर में 152 रन पर सिमट गई।

शुरुआती झटकों के बाद SKY ने संभाली पारी

153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE को शुरुआती झटके लगे और दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद पांचवें ओवर में सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी के लिए आए और पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए।

अगले ओवर में उन्होंने श्रेयस गुरव की गेंदों पर लगातार तीन चौके लगाए। सूर्यकुमार ने नूतन कुमार गोयल के साथ मिलकर पारी को संभाला और तेजी से रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों ने टीम का स्कोर 12वें ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया।

29 गेंदों में अर्धशतक, फिर जीत तक डटे रहे

सूर्यकुमार यादव ने महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर नूतन कुमार गोयल ने भी 36 गेंदों में फिफ्टी जमाई। दोनों के बीच अहम साझेदारी ने मुकाबला पूरी तरह ट्रायम्फ्स नाइट्स के पक्ष में कर दिया।

गोयल 42 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सूर्यकुमार अंत तक टिके रहे। उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 72 रन की पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। आखिर में उन्होंने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।

प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड किया साझा

सूर्यकुमार यादव को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, लेकिन उन्होंने यह पुरस्कार पांच विकेट लेने वाले सिल्वेस्टर डिसूजा के साथ साझा किया। इस सीजन में सूर्यकुमार अब तक 4 पारियों में 143 रन बना चुके हैं। उनका औसत 47.67 और स्ट्राइक रेट 185.71 का है।

यह जीत ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE की सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने में अहम साबित हुई है। टीम का आखिरी लीग मुकाबला 9 जून को ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स के खिलाफ होगा, जिसे जीतना उसके लिए बेहद जरूरी है।

NO Such Result Found