Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया को किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन की जगह फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को टीम में मौका मिलना चाहिए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में संजू सैमसन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। वह पांच पारियों में महज 46 रन ही बना सके, जबकि दूसरी ओर करीब दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले ईशान किशन ने चार मैचों में 215 रन ठोककर चयनकर्ताओं को मजबूत संदेश दिया।

ईशान किशन ने ठोकी दावेदारी

ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में दूसरे टी20 में अर्धशतक लगाया और पांचवें टी20 में अपने करियर का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ दिया। उनकी इस धमाकेदार बल्लेबाजी ने उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना मुश्किल कर दिया है। तिलक वर्मा की संभावित वापसी के बीच संजू सैमसन पर संकट और गहरा गया है।

संजू सैमसन की फॉर्म पर गावस्कर की दो टूक

सुनील गावस्कर ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में कहा कि संजू सैमसन एक काबिल खिलाड़ी हैं, लेकिन फिलहाल उनका फॉर्म साथ नहीं दे रहा है। 'उन्हें ड्रॉप करना आसान नहीं है, लेकिन सवाल ये है कि किसके लिए? तिलक वर्मा इस स्तर पर खुद को साबित कर चुके हैं। संजू भी साबित खिलाड़ी हैं, लेकिन इस वक्त वह फॉर्म में नहीं हैं। कभी-कभी फॉर्म साथ छोड़ देता है,' गावस्कर ने कहा।

उन्होंने आगे जोड़ा, 'वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में आप रिस्क नहीं ले सकते। संजू को पांचों मैच मिले, उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 24 रहा और वह अजीब तरीकों से आउट हुए। यह आत्मविश्वास की कमी दिखाता है। जब तक तिलक वर्मा फिट नहीं होते, मुझे नहीं लगता कि 7 फरवरी को संजू प्लेइंग इलेवन में होंगे।'

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की शुरुआत

न्यूजीलैंड को 4-1 से हराकर सीरीज जीतने के बाद अब टीम इंडिया का फोकस पूरी तरह टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर है। भारत को ग्रुप ए में नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और USA के साथ रखा गया है। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA के खिलाफ खेलेगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।