Sports

बेंगलुरु : वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है और जाने-माने कमेंटेटर इयान बिशप का मानना ​​है कि मजबूत मानसिक और तकनीकी क्षमताओं ने इस युवा सनसनी को आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों पर हावी होने में मदद की है। सूर्यवंशी ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जोश हेजलवुड जैसे कुछ बेहतरीन गेंदबाजों को पस्त कर दिया है। 

बिशप ने मीडिया से कहा, 'मुझे लगता है कि उनकी मानसिक बनावट इतनी मजबूत है कि वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कर सकता है। उसने जसप्रीत बुमराह का सामना किया। तकनीकी रूप से वह अपने बल्ले को घुमाने के मामले में कुछ अनोखा है, यह कुछ-कुछ बेसबॉल जैसा है।' 

बिशप ने कहा कि सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में कोई स्पष्ट कमजोरी नहीं दिखती जिसकी वजह से अनुभवी गेंदबाजों को इस 15 साल के खिलाड़ी के खिलाफ नई योजनाएं बनानी पड़ रही हैं। बिशप ने कहा, 'यह पता लगाना बहुत मुश्किल है कि उसकी असली कमजोरी क्या है क्योंकि 'बैक ऑफ लेंथ' (थोड़ी पीछे गिरी हुई गेंद) गेंदें उनके खिलाफ कारगर साबित हुई हैं - उदाहरण के लिए अंडर-19 विश्व कप में और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ। लेकिन अगर गेंद 'बैक ऑफ लेंथ' (जो पुल शॉट खेलते हुए अक्सर उनके बल्ले से ऊपरी हिस्से से लगती हैं) नहीं गिरती तो वही गेंदें बाउंड्री के पार चली जाती हैं।' 

उन्होंने कहा, 'इसलिए मुझे लगता है कि तकनीकी रूप से वह बहुत अच्छी तरह से तैयार है। इस टूर्नामेंट में कई विश्व स्तरीय गेंदबाज उसके खिलाफ प्लान ए, प्लान बी, प्लान सी, प्लान ई, एफ और जी आजमा रहे हैं। और यह एक अच्छा संकेत है कि खेल के इतने सारे दिग्गज खिलाड़ी उसके खिलाफ अलग-अलग तरह की योजना बनाने पर मजबूर हो रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि वह बहुत अच्छी तरह से तैयार है।' 

वेस्टइंडीज के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने उम्मीद जताई कि पिच से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबर मौके मिलेंगे जिससे टूर्नामेंट में और भी अधिक रोमांच और विविधता आएगी। बिशप ने कहा, 'मुझे टूर्नामेंट में अलग-अलग तरह की पिच का मेल पसंद आता है। मैं कुछ ऐसी बेहतरीन बल्लेबाजी पिच को देखना चाहता हूं जहां बल्लेबाजों का दबदबा हो। लेकिन मैं ऐसी पिच भी देखना चाहता हूं जैसी दिल्ली ने बनाई थी या जैसी लखनऊ सुपर जाइंट्स बनाती है जिससे तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सके।' 

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स की टीम IPL 2026 में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई और सिर्फ चार अंक के साथ नौवें स्थान पर है। बिशप ने कहा कि टीम को वापसी कराने के लिए गेंदबाजों को अपनी कमर कसनी होगी। उन्होंने कहा, 'अगर मुझे किसी एक पहलू की पहचान करनी हो तो मुझे लगता है कि वह गेंदबाजी है क्योंकि जब मैं आंकड़ों पर नजर डालता हूं तो गेंदबाजी के लिहाज से सफलता के क्रम में सभी टीम में मुंबई सबसे नीचे है।' 

बिशप ने कहा, 'और मेरे हिसाब से यह एक समस्या है क्योंकि मुझे पता है कि टी20 क्रिकेट और आईपीएल खेलने के तरीके में एक बड़ा बदलाव आ रहा है। मुझे लगता है कि मुंबई अब भी रन बनाने में सक्षम है। लेकिन मुझे लगता है कि उनकी गेंदबाजी को अपनी क्षमता और मैच जिताने की काबिलियत के हिसाब से प्रदर्शन करना होगा।'