Sports

गॉल: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा। श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए और उन्हें एहतियातन अस्पताल ले जाया गया। चांदीमल को दाएं कंधे और गर्दन में चोट लगी है।

भारत की दूसरी पारी के चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर यह घटना हुई। चांदीमल डीप स्क्वायर लेग पर बाउंड्री बचाने के लिए दौड़े और डाइव लगाकर गेंद को रोकने में सफल रहे, लेकिन इसके बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अजीब तरीके से गिर पड़े। गिरने के दौरान उनके शरीर का पूरा भार गर्दन पर आ गया।

चोट लगने के बाद चांदीमल तुरंत अपनी गर्दन पकड़कर बैठ गए। मैदान पर टीम के फिजियो और डॉक्टर ने उनका आकलन किया, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि चांदीमल को दाएं कंधे और गर्दन में चोट लगी है और एहतियाती स्कैन के लिए अस्पताल भेजा गया है। स्कैन रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति पर आगे का अपडेट दिया जाएगा।

चांदीमल की वापसी पर सस्पेंस

चांदीमल के बाकी टेस्ट मैच में खेलने को लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है। उनकी चोट ऐसे समय आई है जब श्रीलंका को भारत के खिलाफ बड़े रन चेज में अपने अनुभवी बल्लेबाज की जरूरत पड़ सकती है। अगर वह बल्लेबाजी के लिए उतरते भी हैं तो यह देखना होगा कि वह पूरी तरह फिट हैं या नहीं।

चांदीमल पहली पारी में भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। उन्हें मनव सुथार ने सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट किया था। हालांकि, भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है और ऐसे मुकाबलों में उनका अनुभव श्रीलंका के लिए काफी अहम है।

चांदीमल की जगह आए सब्स्टीट्यूट ने लिया राहुल का कैच

चांदीमल के मैदान से बाहर जाने के बाद मिलान रत्नायके को सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर उतारा गया। दिलचस्प बात यह रही कि रत्नायके ने ही भारत की दूसरी पारी में केएल राहुल का कैच मिड-ऑफ पर पकड़ा।

प्रभात जयसूर्या ने राहुल को बड़ा शॉट खेलने के लिए मजबूर किया और राहुल का शॉट हवा में चला गया। गेंद मिड-ऑफ की दिशा में गई, जहां रत्नायके ने कैच पूरा कर लिया। राहुल 47 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे।

भारत के खिलाफ चांदीमल का शानदार रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में चांदीमल का रिकॉर्ड शानदार रहा है। जारी टेस्ट को मिलाकर उन्होंने भारत के खिलाफ 17 पारियों में 754 रन बनाए हैं और उनका औसत 47.12 रहा है। उनके नाम भारत के खिलाफ दो शतक और तीन अर्धशतक भी हैं।

गॉल में भारत के खिलाफ श्रीलंका की पिछली टेस्ट जीत में भी चांदीमल ने अहम भूमिका निभाई थी। अगस्त 2015 में श्रीलंका ने भारत को 63 रन से हराया था और उस मुकाबले में चांदीमल ने पहली पारी में 59 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 162 रन नाबाद रहे थे।

ऐसे में मौजूदा टेस्ट के निर्णायक चरण में उनकी चोट श्रीलंका के लिए चिंता का विषय बन गई है। अब सभी की नजरें अस्पताल से आने वाली स्कैन रिपोर्ट और चांदीमल की फिटनेस पर टिकी हैं।
 

NO Such Result Found