स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला बुधवार 6 मई को काफी अहम होने वाला है। लगातार छह मैच जीतकर शानदार शुरुआत करने वाली पंजाब टीम अब पिछले दो मुकाबले हार चुकी है, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं।हालांकि टीम 9 मैचों में 13 अंकों के साथ अभी भी तालिका में ऊपर है, लेकिन बाकी टीमों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
हेड-टू-हेड में SRH का दबदबा
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 25 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें हैदराबाद का पलड़ा भारी रहा है।
कुल मैच: 25
हैदराबाद जीता: 17
पंजाब जीता: 8
पिछले मुकाबलों में भी हैदराबाद ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि 2026 में आखिरी भिड़ंत पंजाब ने जीती थी।
पंजाब की गेंदबाजी चिंता का विषय
पंजाब की ताकत उनकी बल्लेबाजी रही है, लेकिन हाल के मैचों में टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हो रहा है। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कॉनॉली की तिकड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है। मिडिल ऑर्डर भी साझेदारी बनाने में नाकाम रहा है। वहीं गेंदबाजी पूरे सीजन में कमजोर कड़ी बनी हुई है, खासकर दबाव के समय टीम नियंत्रण खो देती है।
हैदराबाद की पिच रिपोर्ट
हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि पिछले मैच में हैदराबाद की टीम 165 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इसके बावजूद पिच को हाई-स्कोरिंग माना जा रहा है और इस मुकाबले में रन बरसने की उम्मीद है।
मौसम का हाल
मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश का कोई खास खतरा नहीं है। ऐसे में पूरे 20 ओवर का मुकाबला देखने को मिल सकता है।
संभावित प्लेइंग 11
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलील अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
मैच का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देखा जा सकता है। इसके अलावा स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा।