Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले से ठीक पहले अनुभवी सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार को टीम में शामिल कर लिया है। कप्तान लिटन दास की फिटनेस को लेकर अनिश्चितता के बीच यह फैसला लिया गया है। यदि लिटन पहले मैच में नहीं खेल पाते हैं तो उपकप्तान तौहीद हृदोय पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम की कप्तानी कर सकते हैं।

लिटन दास की फिटनेस पर अंतिम फैसला बाकी

रिपोर्ट्स के मुताबिक लिटन दास किसी गंभीर चोट से नहीं जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। उनका 16 जून को स्कैन होना था और पहले टी20 मुकाबले में खेलने पर अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा। हालांकि वह प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस और ट्रॉफी फोटोशूट में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श के साथ नजर आए।

टीम में बढ़ीं मुश्किलें, एक और खिलाड़ी बीमार

बांग्लादेश को एक और झटका विकेटकीपर-बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन के रूप में लगा है। इमोन फिलहाल बुखार और टॉन्सिल संक्रमण से परेशान हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन के लिए प्लेइंग इलेवन चुनना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

लंबे अंतराल के बाद सौम्य सरकार की वापसी

33 वर्षीय सौम्य सरकार हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज का हिस्सा थे, जहां उन्होंने दूसरे वनडे में 42 रन और तीसरे मैच में 2 रन बनाए थे। उनका आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने 18 गेंदों पर 11 रन बनाए थे।

टी20 करियर में कैसा रहा सौम्य सरकार का प्रदर्शन?

सौम्य सरकार ने 2015 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक खेले 87 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 1462 रन बनाए हैं। उनका औसत 17.82 और स्ट्राइक रेट 122.13 रहा है। उनके नाम पांच अर्धशतक दर्ज हैं। बल्लेबाजी के अलावा वह मध्यम गति की गेंदबाजी भी कर लेते हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 12 विकेट भी ले चुके हैं।

ऑस्ट्रेलिया को मिला बड़ा बूस्ट

वनडे सीरीज में ऐतिहासिक हार झेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया को कप्तान मिचेल मार्श की वापसी से बड़ी मजबूती मिली है। इसके अलावा युवा खिलाड़ी निखिल चौधरी और जोएल डेविस भी चर्चा में हैं, जिन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका मिल सकता है। वहीं, विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड की मौजूदगी भी ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी को और मजबूत बनाती है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया आगे

बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया ने 7 और बांग्लादेश ने 4 मैच जीते हैं। हालांकि बांग्लादेश की सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच खेले गए 6 मैचों में मेजबान टीम ने 4 मुकाबले अपने नाम किए हैं। पिछली बार जब ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश का टी20 दौरा किया था, तब उसे 4-1 से सीरीज गंवानी पड़ी थी।

बांग्लादेश की अपडेटेड टी20 टीम

लिटन कुमार दास (कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन तमीम, मोहम्मद सैफ हसन, शमीम हुसैन, तौहीद हृदोय (उपकप्तान), नुरुल हसन सोहन, महेदी हसन, नासुम अहमद, रिशाद हुसैन, शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, अब्दुल गफ्फार सकलैन और सौम्य सरकार।

NO Such Result Found