बेलफास्ट : भारत को आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा। इस सीरीज के बाद एक बड़ा सवाल यह खड़ा हुआ कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका क्यों नहीं मिला। इस पर भारत के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं, लेकिन इस 15 साल के बैटिंग सेंसेशन को उसी प्रोसेस से गुजरना होगा जिससे टीम के दूसरे खिलाड़ी डेब्यू करने से पहले गुजरे हैं।
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में एक रन से हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सूर्यवंशी के बारे में सवाल पूछा गया तो टेन डोशेट ने कहा, 'वह (सूर्यवंशी) इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन संजू सैमसन भी वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन महीने पहले हमें वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उनका IPL काफी अच्छा रहा है और खिलाड़ियों को भरोसा दिलाना और यह संदेश देना जरूरी है कि हम उन्हें टीम में लंबे समय तक मौका देना चाहते हैं।'
सहायक कोच ने कहा, 'हम सभी वैभव को खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन उन्हें उसी प्रोसेस से गुजरना होगा, हालांकि उनकी काबिलियत पर कोई शक नहीं है।' उन्होंने वही बात दोहराई जो सीरीज की शुरुआत में बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कही थी। सूर्यवंशी इस साल के IPL में 230 से ज्यादा के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 776 रन बनाए और उन्हें 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' के साथ-साथ सीजन का 'इमर्जिंग प्लेयर' भी चुना गया।
प्लेइंग XI में उनके शामिल होने को लेकर उम्मीदें और बढ़ सकती हैं क्योंकि भारत अब इंग्लैंड के दौरे पर जा रहा है, जहां 1 जुलाई से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में T20 सीरीज शुरू होगी। अगर वह इस दौरे पर डेब्यू करते हैं तो वह भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे जिन्होंने 16 साल की उम्र में डेब्यू किया था।