Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 154 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को 170 रन की बड़ी जीत दिलाई। मैच के बाद गिल ने खुलासा किया कि उनकी नजर सिर्फ शतक पर नहीं, बल्कि दोहरे शतक पर थी। उन्होंने कहा कि सीरीज शुरू होने से पहले ही उन्होंने खुद से एक लक्ष्य तय किया था कि जितना संभव हो उतनी देर बल्लेबाजी करेंगे और मैच को खुद फिनिश करेंगे।

डबल सेंचुरी बनाना चाहते थे शुभमन गिल

पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने कहा, 'हां, मैं दोहरे शतक के बारे में सोच रहा था, लेकिन मुझे पता था कि इसके लिए लगातार अपने शॉट खेलते रहना होगा और 430-450 रन के टीम स्कोर को ध्यान में रखना होगा।' गिल ने बताया कि उनका फोकस सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाना था।

भीषण गर्मी और ऐंठन के बावजूद खेली कप्तानी पारी

लखनऊ में खेले गए मुकाबले के दौरान शुभमन गिल भीषण गर्मी और लगातार ऐंठन (क्रैम्प्स) से जूझते रहे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने 110 गेंदों पर 154 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस शानदार पारी में गिल ने 22 चौके और 2 छक्के लगाए तथा 140 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी इस पारी ने भारत के विशाल स्कोर की नींव रखी।

ईशान किशन ने भी जड़ा तूफानी शतक

गिल का साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने शानदार अंदाज में निभाया। ईशान ने सिर्फ 79 गेंदों में 125 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत भारत ने 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

अफगानिस्तान पर 170 रन की बड़ी जीत, सीरीज भी जीती

402 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 232 रन पर सिमट गई। भारत ने मुकाबला 170 रन से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगान बल्लेबाजों को कभी बड़ी साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया।

गिल ने पूरे किए 7000 अंतरराष्ट्रीय रन

इस शानदार पारी के दौरान शुभमन गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7000 रन भी पूरे कर लिए। अब उनके नाम 140 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 173 पारियों में 7029 रन दर्ज हैं। उनका औसत 46.24 और स्ट्राइक रेट 81.87 है। इस दौरान उन्होंने 21 शतक और 29 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 269 रन है।

वनडे में गिल का शानदार रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट शुभमन गिल का सबसे सफल फॉर्मेट बन चुका है। उन्होंने अब तक 63 वनडे मैचों में 3191 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.09 है और इस फॉर्मेट में वह 9 शतक और 18 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर 208 रन है।

रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुई 154 रन की पारी

लखनऊ में खेली गई 154 रन की पारी कई रिकॉर्ड लेकर आई। गिल ने सिर्फ 77 गेंदों में शतक पूरा किया, जो किसी भारतीय कप्तान द्वारा लगाए गए सबसे तेज वनडे शतकों में चौथा सबसे तेज शतक है। उन्होंने 108 गेंदों में 150 रन पूरे किए, जो वनडे इतिहास में किसी भारतीय बल्लेबाज का तीसरा सबसे तेज 150 रन का आंकड़ा है। उनकी कप्तानी पारी ने भारत को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई और एक बार फिर उन्हें टीम इंडिया का भरोसेमंद बल्लेबाज साबित किया।