Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की है और इसके पीछे कप्तान Shreyas Iyer की अहम भूमिका रही है। टीम ने लगातार दो जीत दर्ज कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पिछले सीजन में भी टीम फाइनल तक पहुंची थी, जिसमें अय्यर और कोच Ricky Ponting की जोड़ी ने बड़ा योगदान दिया था।

“वह जल्द भारत का कप्तान बनेगा”

PBKS के तेज गेंदबाज Vijaykumar Vyshak ने अय्यर की कप्तानी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि वह हमेशा अपने खिलाड़ियों का साथ देते हैं, चाहे उनका प्रदर्शन कैसा भी हो। यह एक गेंदबाज के लिए बहुत जरूरी होता है। वह शानदार खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द ही टीम इंडिया के कप्तान बनेंगे।'

ड्रेसिंग रूम का माहौल रखते हैं हल्का

वायशाक ने अय्यर के व्यवहार को टीम की सफलता की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, 'वह टीम का माहौल हमेशा हल्का रखते हैं। वह हर खिलाड़ी से एक जैसा व्यवहार करते हैं, चाहे वह सीनियर हो या जूनियर। यही चीज हमें और ज्यादा कंफर्टेबल बनाती है।'

हर खिलाड़ी के लिए खुले रहते हैं दरवाजे

वायशाक ने आगे कहा, 'मैं कभी भी जाकर उनसे बात कर सकता हूं। उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है। वह खिलाड़ियों को सुनते हैं और समझते हैं, जो एक अच्छे कप्तान की पहचान है।'

टीम इंडिया में भी अहम भूमिका

श्रेयस अय्यर फिलहाल भारत की वनडे टीम के उपकप्तान हैं और Shubman Gill के डिप्टी की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि चोट के कारण उन्हें कुछ मौकों पर टीम से बाहर रहना पड़ा, लेकिन वह लगातार टीम मैनेजमेंट की योजनाओं का हिस्सा बने हुए हैं।

शानदार प्रदर्शन से मजबूत दावेदारी

पिछले सीजन में अय्यर ने PBKS के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 17 पारियों में 604 रन बनाए, जिसमें छह अर्धशतक शामिल थे। इस सीजन में भी वह बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं और CSK के खिलाफ मैच में उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी।