Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने पंजाब को 3 विकेट से हराकर उसे लगातार चौथी हार थमा दी। इस हार के साथ पंजाब की प्लेऑफ की राह भी मुश्किल हो गई है। 210 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा करने के बावजूद PBKS अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग की कमजोरियों की वजह से मैच नहीं बचा सकी।

हार के बाद श्रेयस अय्यर ने नहीं छुपाई नाराजगी

मैच खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान Shreyas Iyer ने टीम की कमजोरियों पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ कहा कि खराब फील्डिंग और गेंदबाजी ने टीम को फिर से नुकसान पहुंचाया।

अय्यर ने कहा, 'मैं घुमा-फिराकर बात नहीं करूंगा। हमारी फील्डिंग और गेंदबाजी फिर से खराब रही।' उन्होंने यह भी माना कि जिस तरह की पिच थी, उस हिसाब से पंजाब का स्कोर काफी मजबूत था। 'मुझे लगता है कि इस विकेट पर हमारा स्कोर कम से कम 30 रन ज्यादा था, क्योंकि गेंद सीम हो रही थी और बाउंस भी असमान था।'

चहल को कम इस्तेमाल करने पर भी बोले कप्तान

मैच के दौरान दबाव के समय स्पिनर Yuzvendra Chahal को ज्यादा इस्तेमाल नहीं किए जाने पर भी अय्यर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पिच तेज गेंदबाजों की मदद कर रही थी और अगर गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर गेंद डालते तो विकेट निकाल सकते थे। 'मेरे दिमाग में चहल को लाने का विचार था, लेकिन जिस तरह गेंद सीम हो रही थी, हमें लगा कि तेज गेंदबाज सही एरिया में गेंद डालकर विकेट निकाल सकते हैं।'

‘हम प्लानिंग में पीछे रह गए’

PBKS कप्तान ने माना कि टीम निर्णायक मौकों पर सही रणनीति नहीं बना पाई। 'हम प्लानिंग में पीछे रह गए।' लगातार चार हार के बाद पंजाब की टीम अब दबाव में नजर आ रही है और आने वाले मुकाबले उसके लिए करो या मरो जैसे बन गए हैं।

पंजाब ने बनाए थे 210 रन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को ओपनर्स प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। प्रियांश आर्य ने 33 गेंदों पर 56 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों में 59 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा कूपर कॉनॉली ने 38 और सूर्यांश शेडगे ने सिर्फ 8 गेंदों पर 21 रन बनाकर टीम को 210/5 तक पहुंचाया।

दिल्ली कैपिटल्स ने पलटा मैच

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और KL Rahul व अभिषेक पोरेल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद कप्तान Axar Patel और David Miller ने शानदार साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। अक्षर ने 56 और मिलर ने 51 रन बनाए।

आखिर में आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों पर 24 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि डेब्यू कर रहे माधव तिवारी और औकिब नबी डार ने टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स 10 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बनी हुई है।