Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से सीरीज जीतने के बाद युवा खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम के हर युवा खिलाड़ी में देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की भूख साफ दिखाई दी और यही जज्बा भारत की क्लीन स्वीप की सबसे बड़ी वजह बना। लगातार आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हारने के बाद यह अय्यर की कप्तानी में पहली टी20 सीरीज जीत भी रही।

'हर युवा खिलाड़ी में दिखी खुद को साबित करने की भूख'

बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अय्यर ने कहा, 'जब भी ये युवा खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं तो उनकी आंखों में टीम इंडिया के लिए कुछ कर दिखाने की भूख साफ नजर आती है। उन्हें पता है कि भारत में कितनी कड़ी प्रतिस्पर्धा है। इसलिए हर मौका उनके लिए खुद को साबित करने का मौका होता है और वे मैच जिताने के इरादे से खेलते हैं।'

मयंक यादव की तारीफ में कही बड़ी बात

अय्यर ने तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मयंक का रवैया इस पूरी सीरीज में शानदार रहा। मैच के दौरान वह हर गेंद से पहले मुझसे पूछते थे कि क्या करना चाहिए। सबसे अच्छी बात यह रही कि हमने जो भी प्लान बनाया, उन्होंने उसे पूरी तरह मैदान पर लागू किया। यह देखना काफी अच्छा लगा।'

वैभव सूर्यवंशी ने बदली मैच की तस्वीर

कप्तान ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी को भी जीत की बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा, 'हमें पता है कि वैभव टीम के लिए क्या कर सकते हैं। उन्होंने शुरुआती दो मैचों में जिस तरह की तेज शुरुआत दिलाई, उसने पूरे मैच की लय तय कर दी। इसके बाद ईशान किशन, तिलक वर्मा और बाकी खिलाड़ियों ने भी अपना योगदान दिया। टीम की जीत तभी होती है जब हर खिलाड़ी अपना रोल निभाए और हमने यही किया।'

'देश के लिए पहली सीरीज जीतना खास एहसास'

श्रेयस अय्यर ने अपनी पहली टी20 सीरीज जीत को यादगार बताते हुए कहा, 'इस एहसास को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। देश के लिए खेलना और कप्तान के तौर पर पहली सीरीज जीतना हर खिलाड़ी का सपना होता है। हमने नतीजे के बजाय अपने प्रदर्शन का स्तर तय किया था और उसी पर ध्यान दिया। आखिरकार उसी सोच का हमें फायदा मिला।'

NO Such Result Found