Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे और अंतिम मुकाबले से पहले प्लेइंग इलेवन में बदलाव के संकेत दिए हैं। अय्यर ने खुलासा किया कि एक खिलाड़ी की चोट के कारण टीम प्रबंधन को मजबूरन बदलाव करना पड़ सकता है।

भारत ने 90 रन से जीतकर सीरीज की अपने नाम

दूसरे टी20 मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 219/5 का विशाल स्कोर बनाया। ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन और तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की पारी खेली। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई और भारत ने 90 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।

प्रिंस यादव की चोट बनी चिंता

दूसरे टी20 के दौरान तेज गेंदबाज प्रिंस यादव हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण अपना स्पेल बीच में छोड़कर मैदान से बाहर चले गए। दो विकेट लेकर शानदार शुरुआत करने वाले प्रिंस की चोट अब तीसरे मुकाबले में उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े कर रही है।दिलचस्प बात यह है कि प्रिंस यादव खुद इंग्लैंड टी20 सीरीज के दौरान चोटिल हुए हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किए गए थे। अब अगर उनकी चोट गंभीर होती है तो उन्हें भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के लिए भेजा जा सकता है।

'एक खिलाड़ी चोटिल हुआ, इसलिए बदलाव हो सकते हैं'

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में श्रेयस अय्यर ने साफ संकेत दिए कि अगले मुकाबले में टीम में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। 'दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए कल के मैच में आपको कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।'

नई खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

सीरीज पहले ही भारत के नाम हो चुकी है। ऐसे में टीम प्रबंधन तीसरे मुकाबले में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका देकर उनकी तैयारियों को परख सकता है। प्रिंस यादव की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी विभाग में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है।

बैटिंग की तारीफ करते दिखे कप्तान

श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद बल्लेबाजों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य 180-200 रन बनाने का था, लेकिन बल्लेबाजों ने सकारात्मक सोच के साथ खेलते हुए 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया, जिसने मैच का रुख तय कर दिया।