Sports

नोएडा : नोएडा के सेक्टर 21-ए में स्थित निशानेबाजी परिसर को अब प्रख्यात निशानेबाज और नारी सशक्तिकरण के प्रतीक चंद्रो तोमर के नाम से जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चंद्रो तोमर के नाम पर निशानेबाजी परिसर का नामकरण उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान की भावनाओं के अनुरूप मातृशक्ति को नमन करने करना है।

इस मामले में गौतमबुद्ध नगर के जेवर से विधायक धीरेंद्र सिंह ने योगी आदित्यनाथ से नोएडा स्टेडियम में बनी निशानेबाजी परिसर का नाम ‘शूटर दादी' चंद्रो देवी तोमर के नाम पर रखने की मांग की थी। विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा है कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाली महिला चंद्रो देवी ने रूढ़िवादी मानसिकता से लड़कर देश और दुनिया में अपना नाम रोशन कर एक मुकाम हासिल किया। वह अन्य महिलाओं की भी प्रेरणा स्रोत्र है। उनके पद चिन्हों पर चलकर देश की अन्य महिलाएं भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। चंद्रो देवी तोमर की कुछ समय पूर्व कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो गई थी।