सिडनी : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने भारत के साथ अपने खास रिश्ते को याद करते हुए देश को अपना ‘दूसरा घर’ बताया है। वॉटसन ने कहा कि भारत में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की तुलना में ज्यादा अपनापन और समर्थन महसूस हुआ। उन्होंने IPL को भारत के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने में अहम बताया।
भारत की आजादी के जश्न में शामिल हुए वॉटसन
शेन वॉटसन सिडनी में भारतीय वाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए। भारत ने 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर वॉटसन ने भारत और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और क्रिकेट करियर पर भारतीय लोगों और प्रशंसकों का काफी प्रभाव रहा है।
‘भारत मेरे लिए दूसरा घर जैसा है’
वॉटसन ने भारत को अपना ‘सेकंड होम’ बताते हुए कहा कि उन्हें यहां हमेशा बेहद प्यार और समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेलने के बावजूद भारत में उन्हें ज्यादा अपनापन महसूस हुआ। वॉटसन के मुताबिक भारतीय प्रशंसकों ने उनके प्रदर्शन को लेकर उन्हें कम जज किया और ज्यादा समर्थन दिया। उन्होंने कहा, 'यह वास्तव में मेरे लिए दूसरे घर जैसा लगता है। मैं भाग्यशाली था कि मैंने लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेला, लेकिन मुझे भारत में हमेशा ज्यादा अपनापन महसूस हुआ।'
IPL ने भारत से रिश्ता किया मजबूत
वॉटसन ने भारत के साथ अपने जुड़ाव को मजबूत करने का श्रेय 2008 में शुरू हुए IPL को भी दिया। उन्होंने कहा कि IPL उनके करियर के महत्वपूर्ण दौर में आया और इस दौरान उन्होंने भारत में कुछ शानदार प्रदर्शन किए। उन्होंने बताया कि IPL के जरिए उन्हें भारतीय प्रशंसकों से लगातार समर्थन और प्यार मिला, जिसने भारत के साथ उनके रिश्ते को और मजबूत कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया से ज्यादा भारत में मिला समर्थन
वॉटसन ने भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों के व्यवहार में अंतर का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक भारत में प्रशंसक खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया में खराब प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों पर ज्यादा सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें उसी तरह जज किया जा रहा है। भारतीय प्रशंसकों की ओर से उन्हें ज्यादातर समर्थन और उनके खेल की सराहना मिली।
भारत में IPL टीमों के लिए खेल चुके हैं वॉटसन
वॉटसन का भारत से रिश्ता सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। वह IPL में राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने भारत में काफी समय बिताया और IPL के जरिए भारतीय क्रिकेट संस्कृति के बेहद करीब आए। वर्तमान में वॉटसन कोलकाता नाइट राइडर्स के असिस्टेंट कोच के रूप में जुड़े हुए हैं।
19 साल की उम्र में पहली बार आए थे भारत
वॉटसन ने बताया कि वह पहली बार 19 साल की उम्र में भारत आए थे। उस समय वह क्रिकेट अकादमी का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशक से ज्यादा समय में भारत को तेजी से विकसित होते देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा है। वॉटसन ने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्होंने इतने लंबे समय में भारत में हुए बदलावों को करीब से देखा है।
भारतीय शाकाहारी खाने के भी मुरीद हैं वॉटसन
भारत के साथ अपने रिश्ते की बात करते हुए वॉटसन ने भारतीय खाने की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर शाकाहारी भोजन को पसंद करने की बात कही। वॉटसन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऑस्ट्रेलिया में पले-बढ़े होने के कारण उन्हें बारबेक्यू काफी पसंद है, लेकिन भारत में शाकाहारी खाने की विविधता और स्वाद उन्हें बेहद पसंद आता है।
उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में शाकाहारी खाना उन्हें अक्सर फीका और साधारण लगता है, जबकि भारत में शाकाहारी भोजन स्वादिष्ट होने के कारण वह वहां अक्सर इसे खाना पसंद करते हैं।