Sports

कुआलालम्पुर : जब भी हिंदुस्तान-पाकिस्तान का किसी भी खेल में मुक़ाबला होता है तो तनाव सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं, आयोजकों पर भी खूब देखने को मिलता है। पहलवान से एमएमए फाइटर बने संग्राम सिंह और पाकिस्तान के फाइटर मोहम्मद आबिद अली के बीच रविवार, 19 जुलाई को यहां होने वाली एशिया चैम्पियन MMA टाइटिल फाइट को लेकर इसके मलेशियाई आयोजक स्ट्राइक-MMA की इन दिनों नींदें हराम हो गई हैं। 

आयोजकों की टेंशन

स्ट्राइक-MMA के अध्यक्ष इस्माइल मारज़ुकी बिन और सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला का कहना है कि जितना तनाव इस फाइट को लेकर संग्राम सिंह और आबिद अली को होगा, उससे कहीं ज्यादा तनाव उन्हें है। ये फाइट इस आयोजन पर चार चांद भी लगा सकती है और उन्हें मुश्किलों में भी डाल सकती है। इसके लिए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। ये दोनों पिछले दिनों यहां हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी इस फाइट के आयोजन को लेकर तनाव में दिखाई दिए थे। 

42 हजार रुपए का टिकट 

कुआलालंपुर में होने वाले इस आयोजन को लेकर एमएमए प्रेमियों में काफी उत्साह है। टिकटें 50 रिंगित (1200 रुपए) से 1500 रिंगित (करीब 42 हजार रुपए) की निर्धारित की गई हैं। टिकटों की बिक्री को लेकर इस्माइल और मोहम्मद हाकिम काफी रोमांचित हैं। यहां गौरतलब है कि मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में तकरीबन एक लाख 60 हज़ार भारतीय रहते हैं जबकि वहां पाकिस्तानियों की संख्या 20 हज़ार से भी कम है। आयोजकों का कहना है कि इस फाइट के दौरान बहुत सम्भव है कि एमएमए फैंस के हाथों में चारों ओर तिरंगा लहराता दिखाई दे। 

पहले भी हरा चुके हैं पाकिस्तानी को

प्रोफेशनल कुश्ती में दोहरे हैवीवेट चैम्पियन रह चुके संग्राम सिंह मानसिक रूप से ज़्यादा मज़बूत दिखाई दे रहे हैं। उनकी पहली एमएमए फाइट भी पाकिस्तानी फाइटर अली रज़ा नासिर के खिलाफ थी। गामा इंटरनैशनल फाइटिंग चैम्पियनशिप के अंतर्गत हुई यह फाइट संग्राम सिंह ने महज़ 90 सेकंड में जीतकर सनसनी फैला दी थी। इससे पहले दुबई में एक रेसलिंग बाउट में उन्होंने पाकिस्तान के ही मोहम्मद सईद को 18 मिनट चले मुक़ाबले में शिकस्त दी थी। यह मुक़ाबला दुबई में फरवरी 2024 में आयोजित किया गया था। 

चौथी MMA फाइट 

संग्राम सिंह की यह चौथी एमएमए फाइट है। अपनी पिछली फाइट में उन्होंने फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को ब्यूनस आयर्स में हुए मुक़ाबले में शिकस्त दी थी। यह मुक़ाबला उन्होंने महज एक मिनट 45 सेकंड में अपने नाम करके जीत की हैट्रिक पूरी की थी। 

संग्राम ने ईमानदारी के साथ स्वीकारा 

खेल मंत्रालय के फिटनेस आइकन संग्राम सिंह का मुकाबले को लेकर तनाव के सवाल पर कहना है कि बेशक पाकिस्तानियों को हराने का उनके पास तजुर्बा है लेकिन ईमानदारी से कहें तो उन्हें अच्छा खासा तनाव भी है। बीच में तो वह बीमार भी पड़ गए थे। पता नहीं, टेशन इसका कारण था या खाने में थोड़ी बद-परहेजी इसका कारण था। 

वजन घटाया 

इस फाइट के लिए दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन संग्राम सिंह ने अपने वजन को 87 से घटाकर 83 कर लिया है। उनका कहना है कि वह इन दिनों रोज़ करीब सौ मसल्स-अप कर रहे हैं। जम्पिंग जैक से लेकर हर छोटी बड़ी एक्सरसाइज़ उन्हें फिट रखने के लिए कारगर साबित हो रही है। 

ट्रेनिंग में बदलाव

ट्रेनिंग में बड़ा बदलाव इतना ही है कि अपनी पिछली अर्जेंटीनी फाइट की तैयारी उन्होंने मुम्बई और अहमदाबाद में की थी लेकिन इस बार उनकी तैयारी का बड़ा हिस्सा इन दिनों दिल्ली में चल रहा है जहां लोधी गाडर्न में वह तकरीबन तीन घंटे कुछ पहलवानों और मुक्केबाज़ों के साथ वक्त गुजारते हैं क्योंकि वह जानते हैं कि इस फाइट को जीतकर वह एशियन टाइटिल जीतने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। 

NO Such Result Found