नई दिल्ली : IPL और भारतीय क्रिकेट के तीन दिग्गज एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा कल से शुरू हो रहे 19वें सीजन में एक बार फिर यह दिखाने के लिए बेताब होंगे कि वे क्या कर सकते हैं। जियोस्टार के ‘IPL टुडे लाइव‘ पर बात करते हुए जियोस्टार के एक्सपर्ट इरफान पठान ने कहा कि CSK टीम में संजू सैमसन का शामिल होना इस बात का संकेत हो सकता है कि IPL 2026 एमएस धोनी का आखिरी सीजन होगा।
इरफान ने कहा, 'ऐसा लगता है कि यह एमएस धोनी का आखिरी सीजन होगा। इसके संकेत मिल रहे हैं, क्योंकि अगर आप चेन्नई की टीम को देखें, तो उन्होंने एक ऐसे विकेटकीपर-बल्लेबाज को टीम में शामिल किया है जो अगले कुछ सालों तक खेल सकता है। आप उसके ईद-गिर्द अपनी टीम बना सकते हैं और वह फ्रेंचाइजी का चेहरा बन सकता है - वह खिलाड़ी है संजू सैमसन।'
उन्होंने कहा, 'उसने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी फॉर्म को भी बेहतर बनाया है। उसने हाल ही में एक वर्ल्ड कप जीता है और बहुत शानदार बैटिंग कर रहा है। वह एक ऐसा खिलाड़ी है जिसे एमएस धोनी अपनी कमान सौंपना चाहेंगे - कोई ऐसा जिसमें यह सब करने की काबिलियत हो और जिससे फैन्स भी जुड़ सकें और अपनापन महसूस कर सकें। संजू के आने से, मुझे लगता है कि धोनी अब यह कह सकते हैं कि शायद अब समय आ गया है कि वह अपनी कमान किसी और को सौंप दें। लेकिन क्या यह पहले हो जाना चाहिए था? क्योंकि मुझे लगता है कि एमएस धोनी जैसा खिलाड़ी सिर्फ दो ओवर खेलने वाला खिलाड़ी बनकर नहीं रह सकता। आप अपनी विरासत ऐसे नहीं बनाते। तो हां, मुझे लगता है कि अब सही समय आ गया है।'
IPL में एमएस धोनी की मैच खत्म करने की काबिलियत पर उन्होंने कहा, 'जब CSK ने अहमदाबाद में अपनी पिछली ट्रॉफी जीती थी, तो उस समय भी यह चर्चा चल रही थी कि वह बैटिंग ऑडर्र में बहुत नीचे आ रहे हैं-और यह चर्चा तब शुरू हुई थी, जब इन बातों ने ज़ोर भी नहीं पकड़ा था। लेकिन जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ी, उन्हें घुटने की समस्या भी होने लगी। इसलिए, उनके मन में अपनी भूमिका को लेकर पूरी स्पष्टता थी कि वह आखिरी दो ओवरों में बैटिंग करने आएंगे और मैच को खत्म करेंगे। लेकिन हुआ क्या? वह उन मैचों को खत्म नहीं कर पाए।'
उन्होंने कहा, 'कुछ साल पहले, जब संदीप शर्मा आखिरी ओवर में उन्हें गेंदबाज़ी कर रहे थे, तो एमएस धोनी ने उस मैच को रोमांचक तो बना दिया, लेकिन उसे खत्म नहीं कर पाए। हमने एमएस धोनी से पहले ऐसा कभी नहीं देखा था। अब ऐसा ज्यादा बार हो रहा है। इसलिए, अगर आप खेल रहे हैं, तो आपको अपनी टीम के लिए ज़्यादा जिम्मेदारी लेनी होगी और कम से कम चार या पाँच ओवर तक बैटिंग करनी होगी। यह टीम के लिए फायदेमंद होगा।'