Sports

सेंट लुईस, यूएसए (निकलेश जैन) भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानंदा ने ग्रैंड चेस टूर 2026 के चौथे चरण सेंट लुईस रैपिड एवं ब्लिट्ज में लगातार तीसरे दिन भी शीर्ष स्थान बनाए रखा। नौ राउंड की रैपिड स्पर्धा के बाद प्रज्ञानंदा के 12 अंक हैं और वह तालिका में पहले स्थान पर हैं। उनके सबसे निकटतम प्रतिद्वंद्वी जावोखिर सिंदारोव 11 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि वेस्ली सो 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। अब अगले दो दिनों में खेले जाने वाले 18 ब्लिट्ज मुकाबलों में टूर्नामेंट के विजेता का फैसला होगा।

प्रज्ञानंदा ने रैपिड स्पर्धा में कुल 4 जीत, 4 ड्रॉ और केवल 1 हार के साथ शानदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय बात यह रही कि अंतिम दौर तक वह अपराजित रहे और केवल नौवें तथा अंतिम राउंड में नीदरलैंड के योर्डन वान फॉरेस्ट के हाथों उन्हें पहली हार का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन के दम पर प्रज्ञानानंदा पहली बार लाइव रेटिंग में विश्व के शीर्ष-10 रैपिड खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए हैं।

दिन की शुरुआत सातवें दौर में अनीश गिरी के खिलाफ ड्रॉ से हुई। आठवें दौर में उन्होंने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को रोमांचक मुकाबले में हराकर अपनी बढ़त मजबूत कर ली। यह जीत बेहद महत्वपूर्ण रही क्योंकि इसी दौर में वेस्ली सो ने फैबियानो कारुआना को पराजित किया और सिंदारोव ने अवोंडर लियांग को हराकर खिताब की दौड़ को और रोमांचक बना दिया।

अंतिम नौवें दौर में प्रज्ञानंदा को योर्डन वान फॉरेस्ट के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। डच ग्रैंडमास्टर ने अपनी गहरी ओपनिंग तैयारी का शानदार उपयोग करते हुए भारतीय खिलाड़ी को टूर्नामेंट की पहली हार दी। इसके बावजूद प्रज्ञानंदा अपनी एक अंक की बढ़त बचाने में सफल रहे।

दूसरे स्थान पर चल रहे जावोखिर सिंदारोव ने भी लगातार शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने नौ राउंड की रैपिड स्पर्धा बिना कोई मुकाबला हारे पूरी की और अंतिम दिन लियांग के खिलाफ प्रभावशाली जीत दर्ज की। अब प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक चरण शुरू होगा। अगले दो दिनों में 5 मिनट + 2 सेकंड प्रति चाल के समय नियंत्रण में 18 ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे। रैपिड में जहां जीत पर दो अंक मिलते थे, वहीं ब्लिट्ज में प्रत्येक जीत के लिए केवल एक अंक मिलेगा। ऐसे में छोटी-सी गलती भी खिताब की तस्वीर बदल सकती है।