Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : दक्षिण अफ्रीका ने क्रिकेट विश्व कप में अपनी जीत का अभियान जारी रखा है। वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका टीम को 149 रन से जीत मिली। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी। क्विंटन डी कॉक (140 गेंदों पर 174 रन, 15 चौके और 7 छक्के) के शतक और एडेन मार्कराम (60) तथा हेनरिक क्लासेन (90) के अर्धशतकों की बदौलत उन्होंने बांग्लादेश को 383 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में बांग्लादेश की टीम 233 रन ही बना पाई। महमदुल्लाह शतक लगाने में कामयाब रहे लेकिन पुछल्ले बल्लेबाजों का सहारा न मिलने पर उन्हें बड़ी हार झेलनी पड़ी। 

 


पिछली 7 वनडे मुकाबलों में दक्षिण अफ़्रीका की जीत का अंतर
बनाम ऑस्ट्रेलिया 111 रन से जीता
बनाम ऑस्ट्रेलिया 164 रन से जीता
बनाम ऑस्ट्रेलिया 122 रन से जीता
बनाम श्रीलंका 102 रन से जीता
बनाम ऑस्ट्रेलिया 134 रन से जीता
बनाम इंग्लैंड 229 रन से जीता
बनाम बांग्लादेश 149 रन से जीता

(आंकड़े दक्षिण अफ्रीका के पहले बल्लेबाजी करने के हैं)

 

इससे पहले डिकॉक ने 140 गेंद पर 174 रन बनाकर वर्तमान टूर्नामेंट में अपना तीसरा शतक लगाया। उनकी पारी में 15 चौके और 7 छक्के शामिल हैं। उन्होंने कप्तान एडेन मार्कराम (69 गेंद पर 60 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी करके टीम को शुरुआती झटकों से उबारा। डिकॉक ने इसके बाद क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए केवल 87 गेंद पर 142 रन जोड़े।

 

ये भी पढ़ें : CWC 23 : क्विंटन डी कॉक का विश्व कप में तीसरा शतक, एबी डिविलियर्स को छोड़ा पीछे

 


क्लासेन ने केवल 49 गेंद पर 90 रन बनाए, जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल हैं। उन्होंने डेविड मिलर (15 गेंद पर नाबाद 34) के साथ केवल 25 गेंद पर 65 रन की साझेदारी की। इससे दक्षिण अफ्रीका अंतिम 10 ओवर में 144 रन जोड़ने में सफल रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरे दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही तथा उसने रीजा हेंडरिक्स (12) और रासी वान डेर डुसेन (01) के विकेट जल्दी गंवा दिए। हेंडरिक्स शुरू में मिले जीवन दान का फायदा नहीं उठा पाए और शोरिफुल इस्लाम की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।


मेहदी हसन मिराज ने अगले ओवर में डेर डुसेन को पगबाधा आउट करके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 36 रन कर दिया। पहले 10 ओवर में अगर बांग्लादेश का दबदबा रहा तो इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों की तूती बोली। बांग्लादेश के स्पिनरों ने शुरू में उनको दबाव में रखा लेकिन डिकॉक जैसे बल्लेबाज को लंबे समय तक मौन नहीं रखा जा सकता था। उन्होंने कप्तान शाकिब अल हसन पर छक्का जड़कर खामोशी तोड़ी जबकि महमुदुल्लाह पर रिवर्स स्वीप से लगाया गया उनका छक्का दर्शनीय था। 

 

 

SA vs BAN, SA vs BAN CWC 23 24 Oct 2023, Cricket, Cricket World Cup 2023, विश्व कप 2023, Cricket News Hindi, Mahmudullah

 

मार्कराम ने इस बीच सहयोगी की भूमिका अच्छी तरह से निभाई। उन्होंने मिराज पर चौका लगाकर अपने वनडे करियर का नौवां अर्धशतक पूरा किया। मार्कराम इसके बाद शाकिब की गेंद पर एक हाथ से लॉफ्टेड शॉट लगाने के प्रयास में लॉन्ग ऑफ पर कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। डिकॉक हालांकि वानखेड़े स्टेडियम के अपने पसंदीदा मैदान पर लंबी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध थे। उन्होंने ठीक 100 गेंद पर वर्तमान टूर्नामेंट का अपना तीसरा और वनडे करियर का 20वां शतक पूरा किया।


इसके बाद उन्होंने अधिक तेजी दिखाकर शोरिफुल पर छक्का लगाया तथा शाकिब के एक ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़कर 22 रन बटोरे। जब लग रहा था कि डिकॉक वनडे में अपना पहला दोहरा शतक लगाने में कामयाब रहेंगे तब उन्होंने हसन महमूद (67 रन देकर दो विकेट) की गेंद बैकवर्ड प्वाइंट पर उछाल दी जहां नासुम अहमद ने उसे बड़ी खूबसूरती से कैच में बदल दिया। क्लासेन को देखकर लग रहा था कि वह इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में खेली गई अपनी 109 रन की पारी को ही आगे बढ़ा रहे हैं।


उन्होंने शुरू से आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया जबकि मिलर ने शोरिफुल के ओवर में यही कारनामा दिखाया। क्लासेन हसन महमूद के धीमे बाउंसर पर स्वीपर कवर पर कैच देने के कारण अपना लगातार दूसरा शतक पूरा नहीं कर पाए। मिलर ने अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए।

 

ये भी पढ़ें : मैक्लोडगंज में Dalai Lama से मिले न्यूजीलैंड टीम के खिलाड़ी

 

जवाब में खेलने उतरी बांग्लादेश की शुरूआत ही खराब रही। 7वें ओवर में तंजीद हसन महज 12 रन बनाकर मार्को जेन्सन का शिकार हो गए। मार्को यही नहीं रुके। उन्होंने अगली ही गेंद पर नजमुल हुसैन शान्तो का भी विकेट निकाल लिया। अगले ही ओवर में लिजार्ड विलियम्स ने कप्तान शाकिब अल हसन को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। शाकिब 1 ही रन बना पाए। 12वें ओवर में कोइट्जे ने स्ट्राइक करते हुए मुशफिकुर रहीम (8) पवेलियन भेज दिया। 

 


बांग्लादेश को लिटन दास से उम्मीदें थी जोकि विश्व कप में अच्छे टच में दिख रहे थे। लेकिन लगातार विकेट गिरती देखकर वह भी दबाव में आ गए। 15वें ओवर में रबाडा की एक खूबसूरत गेंद को वह मिसजज कर गए और पगबाधा आऊट हो गए। इसके बाद मेहदी हसन मिराज 11 रन बनाकर महाराज की गेंद पर कैच आऊट हो गए। मिराज ने 11 रन बनाए। नसुम अहमद ने आते ही बड़े शॉट लगाए। वह 29वें ओवर में कोइट्जे का शिकार हुए। नसुम ने 19 गेंदों पर 19 रन बनाए। हसन महमूद ने 15 रन बनाए। लेकिन इसके बाद महमूदुल्लाह ने एक छोर संभाल लिया और बांगलादेश को 200 रन पार ले गए। महमूदुल्लाह ने अकेले ही दक्षिण अफ्रीकी आक्रमण का सामना किया और टीम के लिए यादगार पारी खेली।

 

ये भी पढ़ें : SA vs BAN : क्विंटन डी कॉक ने World Cup के 48 साल का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया

 

महमूदुल्लाह ने 111 गेंदों पर 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 111 रन बनाए। उन्हें कोइट्जे ने मार्को येन्सन के हाथों कैच आऊट कराया। महमूदुल्लाह की यह विश्व कप में बांग्लादेश के लिए यादगार पारी रही। अगर वह क्रीज पर नहीं रुकते तो बांग्लादेश को सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ सकती थी। महमूदुल्लाह आक्रमण के आगे बेहतरीन डिफेंस तक्नीक दिखाई और क्लासिक शॉट लगाते हुए अपना शतक लगाया जोकि लंबे समय तक याद रहेगा।

 


महमदुल्लाह के आऊट होते ही मुस्तिफिजुर रहमान 11 रन बनाकर विलियम्स का शिकार हो गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को येन्सन ने 39 रन देकर दो, लिजर्ड विलियम्स ने 56 रन देकर 2, जेरार्ड कोइट्जे ने 62 रन देकर 3, कागिसो रबाडा ने 42 रन देकर 2 तो केशव महाराज ने 10 ओवर में महज 32 रन देते हुए 1 विकेट ली।

 

 

 

दोनों टीमों की प्लेइंग 11 

बांग्लादेश : तंजीद हसन, लिट्टन दास, नजमुल हुसैन शान्तो, शाकिब अल हसन (कप्तान), मेहदी हसन मिराज, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमूदुल्लाह, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, शोरफुल इस्लाम, हसन महमूद 

दक्षिण अफ्रीका : क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, रासी वैन डेर डुसेन, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, मार्को जानसन, गेराल्ड कोएत्ज़ी, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लिजाड विलियम्स