Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : देवधर ट्रॉफी में रियान पराग का बल्ला खूब चल रहा है और उन्होंने एक बार फिर शतक लगा दिया है। यह रियान का पांचवें दिन में दूसरा शतक हैं। रियान ने वेस्ट जोन के खिलाफ मात्र 68 गेंदों में 102 रन बनाए जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल हैं। यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि रियान ने फिफ्टी बनाने के लिए 48 गेंदें खेली लेकिन अगली 18 गेंदों पर 52 रन बनाकर शतक पूरा किया।  

इससे पहले रियान ने नार्थ जोन के खिलाफ 131 रन की शानदार पारी खेली थी। रियान ने उस दौरान 102 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 11 छक्कों की मदद से बड़ी पारी खेली थी। इतना ही नहीं नार्थ जोन के खिलाफ पिछले सप्ताह खेले गए मैच में रियान ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए थे। 

गौर हो कि ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अभिमन्यु ईश्वरन और उत्कर्ष सिंह ने अच्छी शुरूआत दी जिसे अन्य बल्लेबाजों ने जारी रखा। ईश्वरन ने 38 जबकि उत्कर्ष ने फिफ्टी बनाई। वहीं विराट सिंह की 42 रन की पारी के बाद कुमार कुशाग्र ने रियान के साथ क्रीज साझा करते हुए अपनी 50 पूरी की। इस दौरान रियान टिके रहे और शतकीय पारी के साथ टीम को 319 तक ले गए।