स्पोर्ट्स डेस्क : ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान के पद से हटने का फैसला किया है। एक प्रेस रिलीज के अनुसार इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने फ्रैंचाइजी से संपर्क कर कप्तानी से हटने का अनुरोध किया, जिसे टीम ने स्वीकार कर लिया है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) द्वारा रिलीज किए जाने के बाद LSG ने IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में पंत को 27 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम में खरीदा था।
LSG ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) यह औपचारिक रूप से घोषित करना चाहता है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी के साथ अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध किया है और फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
LSG के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, 'ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है। ये फैसले कभी भी आसान नहीं होते। हम उन सभी चीजों के लिए आभारी हैं जो ऋषभ ने कप्तान के तौर पर इस ड्रेसिंग रूम में लाई हैं। अब हमारा ध्यान सामूहिक प्रयासों पर है - सर्वश्रेष्ठ मानकों तक पहुंचने के लिए टीम का पुनर्निर्माण और पुनर्गठन करना।'
इस हफ़्ते की शुरुआत में LSG के डायरेक्टर टॉम मूडी ने लीडरशिप में बदलाव का संकेत दिए थे, जब टीम एक बार फिर प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। असल में, बाएं हाथ के बल्लेबाज ने खुद एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की थी जिससे यह इशारा मिला कि वह अब लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा नहीं रहेंगे।
गौर हो कि पंत ने 2025 और 2026 में क्रमशः सिर्फ 269 और 312 रन बनाए हैं, और वह न केवल एक बल्लेबाज के तौर पर, बल्कि एक कप्तान के तौर पर भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। LSG IPL 2026 की पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही, क्योंकि वह 14 में से सिर्फ 4 मैच ही जीत पाई। इससे पहले IPL 2025 में LSG 14 में से 6 मैच जीतकर 7वें स्थान पर रहा था। LSG ने 2025 में KL राहुल को रिलीज़ करने के बाद, उनकी जगह ऋषभ पंत को कप्तान बनाया था। ऐसा टीम के लिए एक नए दौर की शुरुआत करने के मकसद से किया गया था। हालाँकि, अब तक यह तरीका कामयाब नहीं रहा है। पंत की कप्तानी पर सवाल उठने के कई कारण हैं। इनमें अलग-अलग मैचों में उनके खुद के बैटिंग पोज़िशन में बदलाव, एडेन मार्करम के बैटिंग क्रम में फेरबदल और अपने गेंदबाजों के इस्तेमाल का तरीका, जैसे कई कारण शामिल हैं।