Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दौरान भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपने करियर का एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। मैच शुरू होने से पहले ही पंत भारतीय क्रिकेट के एक खास क्लब में शामिल हो गए।

50वां टेस्ट खेलकर खास सूची में शामिल हुए पंत

बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अपना 50वां टेस्ट मैच खेलते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह भारत के लिए 50 या उससे अधिक टेस्ट खेलने वाले केवल तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और दिग्गज विकेटकीपर सैयद किरमानी के क्लब में जगह बनाई।

धोनी और किरमानी के बाद तीसरे भारतीय विकेटकीपर

1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे सैयद किरमानी ने 1976 से 1986 के बीच भारत के लिए 88 टेस्ट मैच खेले थे। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने 2005 से 2014 तक 90 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। अब ऋषभ पंत 50 टेस्ट मैचों के साथ इस प्रतिष्ठित सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

घरेलू क्रिकेट से लेकर टीम इंडिया तक शानदार सफर

साल 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले पंत ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से भारतीय टीम में खास पहचान बनाई है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ उनकी मैच जिताऊ पारियों ने उन्हें भारतीय टेस्ट टीम का अहम खिलाड़ी बना दिया है।

सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले भारतीय विकेटकीपर

महेंद्र सिंह धोनी – 90 टेस्ट
सैयद किरमानी – 88 टेस्ट
ऋषभ पंत – 50* टेस्ट
किरण मोरे – 49 टेस्ट
फारुख इंजीनियर – 46 टेस्ट

भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

मैच में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। खबर लिखे जाने तक भारतीय ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने टीम को संभली हुई शुरुआत दिलाई थी। दोनों बल्लेबाज शुरुआती ओवरों में विकेट बचाकर रन जोड़ते नजर आए।