Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के ओपनिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरेंगे। यह फैसला पिछले साल एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया गया है।

काली पट्टी बांधकर खेलेंगे RCB खिलाड़ी

फ्रेंचाइजी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि टीम पिछले साल 4 जून को हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले 11 फैंस को श्रद्धांजलि देगी। खिलाड़ी मैच से पहले वॉर्म-अप के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे और मैच के दौरान काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरेंगे।

स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली

श्रद्धांजलि के रूप में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटों को हमेशा खाली रखा जाएगा। यह उन फैंस की याद में स्थायी श्रद्धांजलि होगी, जो पिछले साल भगदड़ में मारे गए थे। फ्रेंचाइजी ने कहा कि ये फैंस हमेशा RCB परिवार का हिस्सा रहेंगे।

पिछले साल जश्न के दौरान हुआ था हादसा

पिछले साल RCB के IPL खिताब जीतने के बाद स्टेडियम के बाहर जश्न के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद से स्टेडियम में सुरक्षा को लेकर बड़े बदलाव किए गए।

स्टेडियम में बढ़ाए गए सुरक्षा इंतजाम

सरकार की एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिश के बाद स्टेडियम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनमें: गेट्स को चौड़ा किया गया, एग्जिट एरिया बढ़ाया गया, मेडिकल इमरजेंसी सिस्टम मजबूत किया गया, पुलिस, फायर और मेडिकल टीम की तैनाती बढ़ाई गई। सभी सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद स्टेडियम को IPL 2026 मैचों की मेजबानी की अनुमति मिल गई है। अब स्टेडियम में 33,000 दर्शकों की पूरी क्षमता के साथ मैच आयोजित किए जा सकेंगे।