Sports

मुंबई : वानखेड़े स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने अपने सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य की बेटी के अचानक हुए निधन पर शोक व्यक्त करते हुए और एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी बांधी। 

मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा, 'प्रिय सभी, हमारे सपोर्ट स्टाफ की बेटी के अचानक हुए निधन के कारण मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी आज परिवार की याद और उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी बांधेंगे।' 

मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सीनियर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हैं। टीम में कई बदलाव किए गए हैं जिसमें रियान रिकेटन, विल जैक्स, रॉबिन मिंज और ट्रेंट बोल्ट को टीम में शामिल किया गया है, जबकि क्विंटन डी कॉक, शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर और कृष्ण भगत को बाहर रखा गया है। 

इससे पहले मुंबई इंडियंस ने चोटिल मिशेल सेंटनर की जगह केशव महाराज को टीम में शामिल किया था। सेंटनर कंधे की चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए हैं। महाराज के पास IPL का सीमित अनुभव है। उन्होंने 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए केवल दो मैच खेले थे। हालांकि, उनके पास फ्रेंचाइजी क्रिकेट का काफी अनुभव और नेतृत्व कौशल है। इस साल की शुरुआत में, उन्होंने प्रिटोरिया कैपिटल्स को SA20 का खिताब जिताया था। 

टॉस के समय कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, 'हम अच्छी बल्लेबाजी करने की कोशिश करेंगे और फिर देखेंगे कि हम कितना स्कोर कर पाते हैं। मुझे लगता है कि हम सभी के लिए यह ज़रूरी था कि हम खुद को 'रीसेट' करें, चीज़ों को ज़्यादा उलझाएं नहीं, बस कुछ अच्छी और बड़ी पारियां खेलें, और कुछ अच्छे सत्र (sessions) बिताएं। हमने सभी जरूरी बातों का ध्यान रखा, खुद को तरोताजो किया, और अब हम मैच के लिए पूरी तरह से तैयार और उत्साहित हैं।' 

प्लेइंग XI 

मुंबई इंडियंस : रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार 

सनराइजर्स हैदराबाद : अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा