स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2025 के 42वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11 रन से जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में तीसरे स्थान पर जगह बना ली है। बेंगलुरु ने एक स्थान की बढ़त हासिल की है। इस स्थान पर पहले मुंबई इंडियंस थी जिसने लगातार चार जीत के बाद यह स्थान हासिल किया था।
जोश हेजलवुड की आखिरी ओवरों में कातिलाना गेंदबाजी के चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 रन से जीत हासिल की है। यह राजस्थान की लगातार 5वीं हार है। जबकि आरसीबी इस जीत के साथ ही अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी थी। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर 70 तो देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम का स्कोर 5 विकेट पर 205 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी राजस्थान को जयसवाल और वैभव ने तेजतर्रार शुरूआत दी थी। जयसवाल अर्धशतक से चूक गए। इस दौरान मध्यक्रम में ध्रुव ज्यूरेल ने 47 रनों की पारी खेली। लेकिन अंत के ओवरों में हेजलवुड ने आकर तीन विकेट निकाले और राजस्थान को जीत हासिल करने से रोक दिया। हेजलवुड ने 33 रन देकर 4 विकेट लिए।

बेंगलुरु के अब 9 मैचों में 6 जीत और 3 हार के साथ 12 अंक हैं और तीसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के भी 12 अंक हैं लेकिन उन्होंने 8-8 मैच खेले हैं और नेट रन रेट के कारण पहले और दूसरे स्थान पर हैं। मुंबई के 9 मैचों में 5 जीत और 4 हार के साथ 10 अंक हैं और चौथे स्थान पर है।

ऑरेंज कैप
निकोल्स पूरन को पछाड़कर ऑरेंज कैप हासिल करने वाले गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज साई सुदर्शन टॉप पर बने हुए हैं। उन्होंने 8 इनिंग्स में 52.13 की औसत के साथ 417 रन बनाए हैं जिसें उनका हाईएस्ट 82 है। साई ने इस दौरान 5 अर्धशतक भी लगाए हैं।

पर्पल कैप
वहीं पर्पल कैप पर भी गुजराट टाइंट्स के खिलाड़ी का कब्जा है। प्रसिद्ध कृष्णा 8 इनिंग्स में 7.29 की ईकोनॉमी और 16 विकेट्स के साथ पर्पल कैप होल्ड किए हुए हैं। उनका बेस्ट 41/4 है। कृष्णा ने अब तक 31.0 ओवर फेंके हैं और इस दौरान कुल 226 रन दिए हैं। उन्हें जोश हेजलवुड से कड़ी टक्कर मिल रही है जिनके 9 इनिंग्स में 16 विकेट्स हो गए हैं। हेजलवुड ने 8.37 की इकोनॉमी और 33/4 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ विकेट्स झटके हैं।