नई दिल्ली : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक के ब्रांड मूल्य वाली दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जबकि IPL का व्यावसायिक उद्यम मूल्य बढ़कर 20.6 बिलियन डॉलर हो गया है। वैश्विक निवेश बैंक हाउलिहान लोके ने अपनी एक रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। बैंक की 2026 'ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट' में कहा गया है कि IPL का मूल्य 11.4 प्रतिशत बढ़कर 20.6 बिलियन डॉलर हो गया है।
RCB ने 312 मिलियन डॉलर के मूल्य के साथ IPL फ्रेंचाइजी में अपना नंबर एक स्थान बरकरार रखा है। मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर के ब्रांड मूल्य के साथ दूसरे स्थान पर है। उसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (245 मिलियन डॉलर) और चेन्नई सुपर किंग्स (244 मिलियन डॉलर) का नंबर आता है। हूलिहान लोकी के फाइनेंशियल और वैल्यूएशन एडवाइजरी बिजनेस के डायरेक्टर हर्ष तालिकोटी ने कहा कि IPL की ग्रोथ का सबसे बड़ा संकेत निवेशकों के भरोसे से मिला।
तालिकोटी ने कहा, 'इस साल सबसे अहम बात हमारे मॉडल से नहीं, बल्कि मार्केट से सामने आई। दो फ्रेंचाइजी के मालिक बदले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु $1.78 बिलियन में और राजस्थान रॉयल्स $1.65 बिलियन में और खरीदने वाले ठीक वैसे ही निवेशक हैं, जिनके बारे में हमें लंबे समय से उम्मीद थी कि वे लीग की ओर आकर्षित होंगे।' उन्होंने आगे कहा कि फ्रेंचाइजी की रिकॉर्ड-तोड़ बिक्री यह दिखाती है कि IPL दुनिया के सबसे आकर्षक स्पोर्ट्स इन्वेस्टमेंट में से एक बन गया है जिसने ग्लोबल कंपनियों, प्राइवेट इक्विटी फर्मों और बिज़नेस लीडर्स का ध्यान खींचा है।
ब्रांड वैल्यू के हिसाब से IPL फ्रेंचाइजी (2026) :
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) – 312 मिलियन अमरीकी डॉलर
मुंबई इंडियंस (MI) – 264 मिलियन अमरीकी डॉलर
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) – 245 मिलियन अमरीकी डॉलर
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) – 244 मिलियन अमरीकी डॉलर
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) – 168 मिलियन अमरीकी डॉलर
राजस्थान रॉयल्स (RR) – 161 मिलियन अमरीकी डॉलर
पंजाब किंग्स (PBKS) – 158 मिलियन अमरीकी डॉलर
गुजरात टाइटंस (GT) – 157 मिलियन अमरीकी डॉलर
दिल्ली कैपिटल्स (DC) – 156 मिलियन अमरीकी डॉलर
लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) – 122 मिलियन अमरीकी डॉलर