गॉल : रवींद्र जडेजा ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान अपने शानदार टेस्ट करियर में एक और अहम उपलब्धि हासिल की। अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच न खेलने के बाद टीम में वापसी करने वाले जडेजा ने इतिहास रचते हुए टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए हैं।जडेजा ने यह उपलब्धि गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले टेस्ट के तीसरे दिन हासिल की, जब उन्होंने तीसरे सेशन में बॉलिंग ऑलराउंडर केशरा नुवान्था को आउट किया।
350 विकेट लेने वाले पहले बाएं हाथ के भारतीय गेंदबाज
भारतीय ऑलराउंडर ने नुवान्था को आउट किया, श्रीलंकाई बल्लेबाज ने कवर की तरफ शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन गेंद यशस्वी जायसवाल की जांघ से टकराकर उछल गई और शुभमन गिल ने कैच पूरा किया। इस तरह जडेजा टेस्ट फॉर्मेट में 350 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बाएं हाथ के गेंदबाज बन गए। पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान 311 विकेट के साथ अब दूसरे स्थान पर हैं।
350 विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय
37 वर्षीय जडेजा कुल मिलाकर 350 विकेट लेने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं; उनसे पहले अनिल कुंबले (619), रविचंद्रन अश्विन (537), कपिल देव (434) और हरभजन सिंह (417) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जडेजा यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के तीसरे बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं, उनसे पहले रंगना हेराथ (433) और डेनियल विटोरी (362) ऐसा कर चुके हैं।
श्रीलंका बनाम भारत मैच
मैच की बात करें तो मेजबान टीम ने पहले सेशन के दूसरे हिस्से और पूरे दूसरे सेशन में जबरदस्त टक्कर दी, लेकिन तीसरे सेशन में भारत ने श्रीलंका के संघर्ष को रोक दिया। तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करते हुए निरोशन डिकवेला ने शानदार 80 रन बनाए जबकि युवा खिलाड़ी सोनल दिनुशा ने 89 रन बनाए, दोनों ने छठे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी की।
इन दोनों के मोर्चा और मेजबान टीम को 90/5 के स्कोर से 236/5 तक पहुंचाया जिसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने अनुभवी डिकवेला को आउट किया। इसके तुरंत बाद जडेजा ने नुवान्था को आउट करके अपना खास विकेट हासिल किया। इसके बाद भारत ने तीसरे सत्र में श्रीलंका को 284 पर ढेर कर 178 रन की बढ़त बना ली। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने 167 रनों की पारी खेली थी, जबकि दूसरे दिन केएल राहुल (82) और ध्रुव जुरेल (51) ने भी अहम योगदान दिया था।