Sports

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद खेल जगत की दिग्गज हस्तियां उन्हें शुभकामनाएं दे रही हैं। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने भी रहाणे को भावुक संदेश देते हुए उनके शानदार करियर को सलाम किया। सिंधु ने खास तौर पर 2014 में लॉर्ड्स टेस्ट में खेली गई उनकी ऐतिहासिक शतकीय पारी को हमेशा यादगार बताया।

पीवी सिंधु ने कही दिल छू लेने वाली बात

पीवी सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि रहाणे का पूरा करियर साहस, धैर्य और मुश्किल परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन का उदाहरण रहा है। उन्होंने लिखा, 'आपको रिटायरमेंट की ढेरों शुभकामनाएं जिंक्स। आपका करियर साहस, शांति और कठिन परिस्थितियों में खेली गई कई शानदार पारियों का प्रतीक रहा है।'

लॉर्ड्स की शतकीय पारी को बताया सबसे खास

सिंधु ने 2014 के इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स में खेली गई रहाणे की 103 रन की पारी को उनके करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक बताया। उन्होंने कहा, '2014 में लॉर्ड्स पर खेली गई आपकी 103 रन की पारी हमेशा याद रहेगी। उस समय भारत दबाव में था, परिस्थितियां बेहद कठिन थीं, लेकिन आपने शानदार चरित्र और क्लास का परिचय दिया।' रहाणे की इस शतकीय पारी की बदौलत भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उनके 12 टेस्ट शतकों में से आठ विदेशों में आए, जिसने उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद विदेशी बल्लेबाजों में शामिल कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया में बतौर कप्तान रचा इतिहास

रहाणे के करियर का सबसे सुनहरा अध्याय 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रहा। एडिलेड टेस्ट में 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद उन्होंने कप्तानी संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शतक जड़कर भारत की वापसी कराई और फिर चोटों से जूझ रही टीम को 2-1 से ऐतिहासिक सीरीज जिताई। गाबा में मिली जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाती है।

शानदार करियर को कहा अलविदा

38 वर्षीय रहाणे ने 12 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 5077 रन, वनडे में 2962 रन और टी20 में 375 रन बनाए। टेस्ट कप्तान के रूप में उन्होंने छह मैचों में चार जीत दर्ज कीं, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे और वह एक भी टेस्ट नहीं हारे। सिंधु ने अपने संदेश का समापन करते हुए लिखा, 'आपकी दूसरी पारी भी खुशियों, सफलता और नई उपलब्धियों से भरी रहे। शानदार करियर के लिए बधाई।'

NO Such Result Found