Sports

खेल डैस्क : टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) इन दिनों काऊंटी क्रिकेट खेल रहे हैं। इस बीच नॉर्थहैम्पटनशायर (Northamptonshire) की ओर से खेलते हुए पृथ्वी ने अंग्रेजों को उनकी ही रणनीति बैजबॉल (Bazball) के असल मायने समझाए और महज 41 ओवरें के बीच ही दोहरा शतक ठोक दिया। पृथ्वी का यह दोहरा शतक इंगलैंड डोमेस्टिक वनडे कप 2023 (England Domestic One Day Cup 2023) में समरसेट (Somerset) के खिलाफ खेलते हुए आया है। पृथ्वी ने 129 गेंदों में 24 चौके और 8 छक्कों की मदद से अपना दोहरा शतक पूरा किया। 

 

 


पृथ्वी शॉ का यह शतक खास है क्योंकि कुछ विवादों के कारण उनका परफार्मेंस गिर गया था। आईपीएल 2022 में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी 2023 सीजन में बुरी तरह चूक गए थे। उनकी खराब परफार्मेंस का एक कारण मॉडल सपना गिल को भी माना गया जिन्होंने पृथ्वी शॉ पर संगीन आरोप लगाए थे जोकि बाद में झूठे साबित हुए थे। सपना ने आरोप लगाया था कि पृथ्वी ने उसे गलत नीयत से छूआ और मारपीट की जबकि पुलिस जांच में ऐसा कुछ साबित नहीं हो पाया। 

 


बहरहाल, नॉर्थहैम्पटनशायर (Northamptonshire) ने पहले खेलते हुए पृथ्वी की बदौलत तेजतर्रार शुरूआत की थी। ओपनिंग क्रम पर पृथ्वी के साथ एमिलियो गे आए थे। दोनों ने पहले 10.3 ओवरों में 63 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद पृथ्वी ने अपना असली रख दिखाया। टीम की दूसरी विकेट 175 रन पर गिरी जब रिकॉर्डो 47 रन बनाकर आऊट हो गए। इसके अगले 16 ओवरों में ही पृथ्वी शॉ ने सैम व्हाइटमैन के साथ मिलकर 160 से ज्यादा रन बनाए और अपना दोहरा शतक भी पूरा कर लिया। 

 

 

पृथ्वी के लिए पहले दो मुकाबले ज्यादा खास नहीं गए थे। ग्लूस्टरशायर के खिलाफ खेले गए पहले ही मुकाबले में वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हिट विकेट आऊट हो गए थे। वह 34 रन ही बना पाए थे।इसके बाद ससेक्स के खिलाफ उन्होंने 26 रन बनाए थे। अब समरसेट के खिलाफ खेलते हुए दोहरा शतक जड़कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दिया। 

 

 

पृथ्वी का लिस्ट ए क्रिकेट में यह दूसरा दोहरा शतक हैं। इससे पहले विजय हजारे ट्रॉफी में पुडुचेरी के खिलाफ उन्होंने 152 गेंदों पर 227 रनों की पारी खेली थी। इसी मैच में सूर्यकुमार यादव ने 58 गेंदों पर 133 रन बनाए थे जिसके कारण मुंबई ने 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 457 रन बना दिए थे।