Sports

लंदन: Premier League में खिताब की दौड़ और रोमांचक हो गई है। Manchester City ने Everton के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला, जिसमें जेरेमी डोकु ने इंजरी टाइम के सातवें मिनट में गोल कर टीम को हार से बचाया। यह गोल सिटी के लिए बेहद अहम रहा, लेकिन जीत न मिलने से उनकी स्थिति खिताब की दौड़ में कमजोर हो गई।

आर्सेनल को मिला बड़ा फायदा

इस ड्रॉ के बाद टेबल टॉपर Arsenal की स्थिति और मजबूत हो गई है। आर्सेनल के 35 मैचों में 76 अंक हैं, जबकि सिटी 34 मैचों में 71 अंक के साथ पांच अंक पीछे है। इस नतीजे से आर्सेनल की खिताब जीतने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।

डोकु और हॉलैंड ने दिखाया दम

मैनचेस्टर सिटी के लिए जेरेमी डोकु ने 43वें मिनट में पहला गोल किया और इंजरी टाइम में बराबरी दिलाई। वहीं Erling Haaland ने 83वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाने की कोशिश की। हालांकि टीम इस बढ़त को बनाए नहीं रख सकी।

एवर्टन ने दी कड़ी टक्कर

Everton ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबले में जबरदस्त वापसी की। थिएर्नो बैरी ने 68वें और 81वें मिनट में दो गोल किए, जबकि जैक ओ’ब्रायन ने 73वें मिनट में एक गोल दागा। एवर्टन के इस प्रदर्शन ने सिटी को जीत से दूर कर दिया।

डोकु बोले – ‘निराशाजनक लेकिन उम्मीद बाकी’

मैच के बाद डोकु ने कहा, 'यह परिणाम निराशाजनक है, लेकिन अभी कई मैच बाकी हैं। हमने दो अंक गंवाए हैं, लेकिन हम आगे बेहतर करने की कोशिश करेंगे।'

चेल्सी की हालत खराब, लगातार छठी हार

दूसरी ओर Chelsea का खराब प्रदर्शन जारी है। उन्हें Nottingham Forest के खिलाफ 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। यह उनकी लगातार छठी हार है, जिससे चैंपियंस लीग में क्वालीफाई करने की उनकी उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।