Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मिली हार के बाद पंजाब किंग्स (PBKS) के प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में RCB ने PBKS को 23 रन से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में लगभग बाहर कर दिया। यह पंजाब की लगातार छठी हार रही, जिसके बाद टीम के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने भी टीम की स्थिति को लेकर ईमानदार प्रतिक्रिया दी।

‘अब खतरा साफ नजर आ रहा’

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेम्स होप्स ने माना कि टीम अब एलिमिनेशन के बेहद करीब पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो यह काफी निराशाजनक है। अब एलिमिनेशन का खतरा हमारे सामने साफ नजर आ रहा है। उम्मीद अभी बाकी है, लेकिन हमें तुरंत चीजें बदलनी होंगी। गेंदबाजी में हम शुरुआती ओवरों में ज्यादा मौके नहीं बना सके।' होप्स ने स्वीकार किया कि टीम को कई विभागों में सुधार की जरूरत है, खासकर गेंदबाजी में जहां PBKS लगातार संघर्ष करती दिखी है।

शानदार शुरुआत के बाद बिखरी पंजाब की टीम

पंजाब किंग्स ने IPL 2026 की शुरुआत लगातार छह जीत के साथ की थी और टीम खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही थी। लेकिन सीजन के दूसरे हाफ में टीम का प्रदर्शन पूरी तरह गिर गया। खराब गेंदबाजी और बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी ने पंजाब की मुश्किलें बढ़ा दीं।

RCB ने बल्लेबाजी से मचाया धमाल

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने कप्तान रजत पाटीदार की गैरमौजूदगी में भी 222/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 25 गेंदों में 45 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद वेंकटेश अय्यर ने 40 गेंदों में 73 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वहीं टिम डेविड ने 12 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को मजबूत फिनिश दिया।

शुरुआती झटकों से उबर नहीं सकी PBKS

223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर पावरप्ले में ही आउट हो गए। हालांकि शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने बीच के ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य काफी बड़ा साबित हुआ और PBKS 23 रन पीछे रह गई।

प्लेऑफ की राह बेहद कठिन

इस हार के बाद पंजाब किंग्स के 13 मैचों में 13 अंक हैं और टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। हालांकि अब PBKS अधिकतम 15 अंक तक ही पहुंच सकती है, क्योंकि उसका सिर्फ एक लीग मैच बाकी है। दूसरी ओर, इस जीत के साथ RCB IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं पंजाब को अब सिर्फ अपनी जीत ही नहीं, बल्कि दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।