Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में Lucknow Super Giants और Kolkata Knight Riders के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में कप्तान Rishabh Pant के कुछ फैसले चर्चा में रहे। आखिरी ओवर Digvesh Rathi को देने और सुपर ओवर में Nicholas Pooran को भेजने को लेकर पंत ने खुलकर अपनी बात रखी।

आखिरी ओवर में राठी पर भरोसा क्यों?

मैच के अंतिम ओवर में Rinku Singh ने राठी पर चार लगातार छक्के जड़कर मैच का रुख बदल दिया। इस फैसले पर सवाल उठे तो पंत ने कहा, 'कभी-कभी आपको कठिन ओवर उन्हीं गेंदबाजों से कराने पड़ते हैं। मैं मिडिल ओवर्स में उनसे विकेट लेना चाहता था, लेकिन वह नहीं मिला। यही सोच थी। और मैदान पर बहुत सारे दिमाग होना चीजों को आसान नहीं बनाता।'

मैच का टर्निंग पॉइंट

एक समय KKR की टीम 93/7 पर संघर्ष कर रही थी, लेकिन रिंकू सिंह की 51 गेंदों पर 83 रन की पारी ने मैच को पूरी तरह बदल दिया। आखिरी दो ओवरों में 43 रन बनने से LSG का दबदबा खत्म हो गया और KKR 155/7 तक पहुंच गई।

सुपर ओवर में पूरन को क्यों भेजा?

सुपर ओवर में खराब फॉर्म के बावजूद पूरन को भेजने पर भी पंत ने सफाई दी। उन्होंने कहा, 'हमने टीम में चर्चा की और निकी पी का नाम सामने आया। हो सकता है वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में न हों, लेकिन ऐसे मुश्किल समय में आपको अपने खिलाड़ी पर भरोसा करना पड़ता है। कोई बहाना नहीं है, हम सकारात्मक चीजों पर ध्यान देंगे।'

LSG की हार और निराशाजनक स्थिति

सुपर ओवर में LSG का प्रदर्शन कमजोर रहा। पंत खुद गोल्डन डक पर आउट हुए, जबकि बाकी बल्लेबाज भी कुछ खास नहीं कर सके। अंत में रिंकू सिंह ने चौका लगाकर KKR को जीत दिला दी। LSG को इस सीजन में छठी हार का सामना करना पड़ा और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई है।

पंत का प्रदर्शन

इस मुकाबले में पंत ने 38 गेंदों पर 42 रन बनाकर टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।