लाहौर : पाकिस्तान की महिला तेज गेंदबाज ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को बताया कि तेज गेंदबाज ऐमन अनवर ने तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 2016 में पर्दापण करने वाली ऐमन अनवर ने पाकिस्तान के लिए 37 अंतरराष्ट्रीय टी-20 और आठ एकदिवसीय मैच खेले।
अनवर ने पाकिस्तान के लिए अपना पहला मैच 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 में खेला था। उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका में हुए आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप 2023 में खेला था। 34 साल की इस खिलाड़ी के नाम 29 टी20 विकेट और वनडे फॉर्मेट में चार विकेट दर्ज हैं।
अनवर उस पाकिस्तानी स्क्वाड का भी हिस्सा थीं जिसने 2018, 2020 और 2023 में महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। उन्होंने 2022 में न्यूजीलैंड में हुए महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया था। इंग्लैंड के खिलाफ लीग स्टेज का मैच इस तेज गेंदबाज का टीम के लिए आखिरी वनडे मैच था।