Sports

चंडीगढ़: ओडिशा की राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मल्लिक ने गुरुवार को यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और उन्हें राज्य में 13 से 29 जनवरी तक होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए आमंत्रित किया। प्रमिला ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की ओर से खट्टर को आमंत्रण दिया। पटनायक सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। 

ओडिशा के राउकेला और भुवनेश्वर में हॉकी विश्व कप का आयोजन 13 से 29 जनवरी तक किया जाएगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की ओर से ओडिशा की मंत्री प्रमिला मल्लिक ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और उन्हें हॉकी विश्व कप 2023 के लिए आमंत्रित किया।'' एक अन्य ट्वीट के अनुसार, ‘‘मुख्यमंत्री (ओडिशा) सभी मुख्यमंत्रियों को हॉकी विश्व कप के जश्न के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।'' 

इस बीच हरियाणा सरकार के बयान के अनुसार प्रमिला ने खट्टर के साथ हॉकी विश्व कप को लेकर चर्चा की। खट्टर ने कहा कि भारत में हॉकी विश्व कप का आयोजन पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हॉकी टीम में पांच खिलाड़ी हरियाणा के हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ खिलाड़ी खिताब जीतेंगे।