नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच क्रेग फुल्टन ने इस साल के आखिर में होने वाले विश्व कप में कड़े प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ विशेष और विस्तृत रणनीति तैयार करने की बात कही। उन्होंने साथ ही मौजूदा समय में संघर्ष कर रही टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे सही समय पर अच्छी फॉर्म में आ जाएंगे।
भारत ने इस सत्र में अब तक सिर्फ एक मैच जीता है जो होबार्ट में खेला गया एफआईएच प्रो लीग मैच था जिसमें उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज की थी। नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 अगस्त से शुरू होने वाले विश्व कप के पूल डी में भारत का सामना शीर्ष वरीय इंग्लैंड, अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और मजबूत वेल्स से होगा। ग्रुप चरण के सभी मैच नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में स्थित वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
हॉकी इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में फुल्टन के हवाले से कहा गया, 'हम अपनी रणनीति, दबाव बनाने की रणनीति और अपनी 'फिनिशिंग' (गोल करने की क्षमता) पर कड़ी मेहनत करेंगे। ये वे छोटी-छोटी बातें हैं जो इस स्तर पर मैचों का नतीजा तय करती हैं। इस पूल में शामिल हर विरोधी टीम की अपनी अलग-अलग ताकत हैं इसलिए हमारी तैयारी भी हर टीम के हिसाब से खास और विस्तृत होगी। अगले कुछ महीने हमारे लिए सबसे अहम हैं क्योंकि हमें ठीक सही समय पर अपनी बेहतरीन फॉर्म में आना है।'
ड्रॉ होने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फुल्टन ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी टीम इस चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, 'हम बहुत उत्साहित हैं। यह एक बहुत मजबूत ग्रुप है लेकिन विश्व कप में आप यही तो चाहते हैं कि आपका मुकाबला दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों से हो ताकि आपकी असली परीक्षा हो सके। टीम के शिविर में इस समय माहौल बहुत ही सकारात्मक है। खिलाड़ी पूरी तरह से प्रेरित और जोश से भरे हुए हैं। अब जब हमें अपनी विरोधी टीमों के बारे में पता चल गया है तो हमारी तैयारियों को लेकर हमारे मन में पूरी स्पष्टता और एक निश्चित लक्ष्य है।'
फुल्टन ने इस बात पर जोर दिया कि हर टीम की खेलने की अनोखी शैली के हिसाब से अपनी रणनीति में बदलाव करने और उनका सम्मान करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड एक बहुत ही व्यवस्थित और शारीरिक रूप से मज़बूत टीम है। हमारे पूल में वह शीर्ष वरीय भी है। पाकिस्तान की टीम अपने खेल में एक अलग ही अंदाज और अप्रत्याशितता लेकर आती है। साथ ही हॉकी के खेल में उनका बहुत ही समृद्ध इतिहास रहा है इसलिए उन्हें कभी भी हल्के में नहीं लिया जा सकता।'
फुल्टन ने कहा, ''वेल्स की टीम भी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही है और वह भी पूरी ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी।' उन्होंने कहा, ''हम इस पूल में हर प्रतिद्वंद्वी टीम का सम्मान करते हैं लेकिन हमें उनके खिलाफ मुकाबले में खुद पर भरोसा है।' भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भारत के पूल डी मैचों का कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार) :
15 अगस्त : भारत बनाम वेल्स
17 अगस्त : भारत बनाम इंग्लैंड
19 अगस्त : भारत बनाम पाकिस्तान