स्पोर्ट्स डेस्क : पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस IPL 2026 में मुश्किल स्थिति से गुजर रही है और 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ नौवें स्थान पर है। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्यकुमार यादव ने टीम के साथ सफर नहीं किया। इससे पहले कप्तान हार्दिक पांड्या भी टीम के साथ एयरपोर्ट पर दिखाई नहीं दिए थे। ऐसे में ये खबरें सामने आ रही हैं कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ रायपुर में होने वाले मैच में रोहित शर्मा को कप्तानी मिल सकती है।
हार्दिक पांड्या चोट से जूझ (पीठ में खिंचाव) रहे हैं और बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के उस बड़े पहले ग्रुप का हिस्सा नहीं थे, जो अपने अगले मैच के लिए मुंबई से रायपुर रवाना हुआ था। यह भी देखना होगा कि पांड्या, जो IPL के इस सीज़न में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण दो मैच नहीं खेल पाए हैं, रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन RCB के खिलाफ 'करो या मरो' वाले मैच के लिए कितने फिट हो पाते हैं।
रोहित शर्मा MI के उन खिलाड़ियों के पहले ग्रुप का हिस्सा थे जो रायपुर गए थे। हालांकि इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार सूर्यकुमार यादव जो LSG के खिलाफ MI के लिए स्टैंड-इन कप्तान थे, वह भी यात्रा करने वाले पहले ग्रुप का हिस्सा नहीं थे। इस स्थिति में अगर किसी भी वजह से दोनों खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो क्या पांड्या और सूर्यकुमार के उपलब्ध न होने पर रोहित शर्मा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ MI की कप्तानी करेंगे? इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस रविवार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मैच में "संभवतः अपने स्टैंड-इन कप्तान सूर्यकुमार के बिना खेलेगी।'
PTI की एक रिपोर्ट के अनुसार 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछले मैच और 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अगले मैच के बीच 5 दिन का अंतर होने के कारण मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी और स्टाफ अलग-अलग ग्रुप में रायपुर जाएंगे। हालांकि, कहा जा रहा है कि उनकी चोट मामूली है, और टीम के एक सूत्र ने बताया कि उन्हें LSG के खिलाफ मैच के लिए आराम करने की सलाह दी गई थी। इसके पीछे कुछ लॉजिस्टिकल कारण भी हैं, क्योंकि मुंबई और रायपुर के बीच फ़्लाइट के बहुत कम विकल्प उपलब्ध हैं। बुधवार को सफर करने वाला बैच गुरुवार को रायपुर में ट्रेनिंग नहीं करेगा। सात हार और तीन जीत के साथ मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी थोड़ी-बहुत उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उसे अपने बचे हुए सभी मैच जीतने होंगे।