मुंबई : यशस्वी जायसवाल, मुंबई की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने उनका अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अनुरोध रद्द कर दिया है, जो उन्होंने गोवा की तरफ से खेलने के लिए बनवाया था। एमसीए के अध्यक्ष अजिंक्य नायक ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा, ‘यशस्वी हमेशा से मुंबई क्रिकेट के एक बेहतरीन चेहरे रहे हैं। हमने उनके NOC रद्द करने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और वह आगामी घरेलू सीजन में मुंबई के लिए उपलब्ध रहेंगे।'
अप्रैल में जायसवाल ने एमसीए से एनओसी ली थी और गोवा के लिए खेलने का मन बनाया था। MCA ने जायसवाल के इस फैसले को ‘आश्चर्यजनक' करार दिया था। हालांकि एक महीने के बाद जायसवाल ने फिर से MCA को पत्र लिखा, जिसमें कहा गया था कि जायसवाल अपने परिवार के साथ गोवा शिफ्ट होने की योजना बना रहे थे। हालांकि उन्होंने अपनी इस योजना को बदल लिया है और अब वह मुंबई की तरफ से ही खेलते रहना चाहते हैं।
इस 23 साल के सलामी बल्लेबाज ने 2019 में मुंबई की तरफ से प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। तब से उन्होंने मुंबई की तरफ से 10 प्रथम श्रेणी मैचों में 53.93 की औसत और चार शतकों की मदद से 863 रन बनाए हैं। हालिया समाप्त हुए घरेलू सीजन में भी जायसवाल ने मुंबई की तरफ से खेला था। फिलहाल जायसवाल भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड में हैं।