Sports

खेल डैस्क : मिशेल मार्श ने 2025 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स (जीटी) के खिलाफ सिर्फ 64 गेंदों में 117 रनों की शानदार पारी खेलकर लीग में अपना पहला शतक लगाया। मिशेल मार्श ने यहां इतिहास भी रचा। उन्होंने 2010 सीजन में डेब्यू करने के बाद करियर का पहला आईपीएल भी शतक लगाया। मार्श इस दौरान डेक्कन चार्जर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी खेले। 2025 सीजन में वह लखनऊ के साथ हैं।

 

मिशेल के शानदार प्रयास से लखनऊ ने बोर्ड पर 236 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। निकोलस पूरन ने 29 गेंदों में 56 रनों की तेज पारी खेली, जबकि एडेन मार्कराम (24 में 36) और ऋषभ पंत (6 में 16*) ने उपयोगी योगदान दिया और लखनऊ का स्कोर 235 तक पहुंचा दिया। मार्श ने शतक लगाने के साथ ही एक नायाब उपलब्धि भी अपने नाम की। उनके भाई शॉन मार्श ने 2008 सीजन में राजस्थान के खिलाफ शतक लगाया था। और अब मिशेल मार्श ने गुजरात के खिलाफ शतक जड़ दिया। ऐसा कर आईपीएल में शतक जड़ने वाले भाइयों की यह पहली जोड़ी बन गई है। 


ऐसा रहा मुकाबला
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरकार प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद अपनी रफ्तार पकड़ ली है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले को उन्होंने 33 रन से जीत लिया है। गुजरात इस मैच को जीतकर अंक तालिका में टॉप पर आने के सपने देख रही थी लेकिन मिशेल मार्श ने शतक लगाकर उनका सपना तोड़ दिया। इससे पहले गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। लखनऊ ने मिशेल मार्श के 64 गेंदों पर 117 तो निकोल्स पूरन के 27 गेंदों पर 56 रन की बदौलत 235 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी गुजरात को शुभमन, बटलर, रुदरफोर्ड और शाहरख खान का सहयोग मिला लेकिन टीम लक्ष्य से 33 रन चूक गई।