Sports

नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने सोमवार को कहा कि दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैच के लिए टीम के साथ नहीं आए हैं, लेकिन उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। धोनी पिंडली की चोट के कारण इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। इस सत्र का आधे से अधिक हिस्सा बीत चुका है और CSK अपना 10वां मैच खेलने जा रही है। टीम का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है। 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से हर सत्र में 44 वर्षीय इस महान भारतीय खिलाड़ी के भविष्य को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। सिमंस मंगलवार को यहां खेले जाने वाले मैच से एक दिन पहले मीडिया से बातचीत के लिए पहुंचे, तो पहला सवाल धोनी के बारे में ही पूछा गया। धोनी पिछले कुछ दिनों से नेट सत्र में बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं। सिमंस ने कहा, 'धोनी को लेकर अपडेट (जानकारी) देना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। वह इस समय हमारे साथ दिल्ली में नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। वह कब खेलने के लिए तैयार होंगे, यह उन्हें खुद बेहतर पता है।' 

गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए सिमंस ने अंशुल कंबोज की जमकर सराहना की। कंबोज ने खेल के हर चरण में प्रभावित किया है और 17 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। सिमंस ने कहा, 'अंशुल ने शानदार प्रदर्शन किया है। आज आप जिस अंशुल को देख रहे हैं, वह केवल इस सत्र का परिणाम नहीं है; उसने पिछले साल से ही इसकी शुरुआत कर दी थी। हमने कुछ चीजों पर काम किया था। उसने घरेलू सत्र में अपनी गेंदबाजी के कोण और यॉर्कर की सटीकता पर खास काम किया।' 

गेंदबाजी कोच ने कहा, 'उसने 'राउंड द विकेट' गेंदबाजी की बारीकियों को प्रभावी बनाया है। वह विकेट लेने के साथ-साथ रन गति पर भी नियंत्रण रखने में सफल रहा है।' उन्होंने कंबोज की पेशेवर सोच और अभ्यास के तरीके की भी तारीफ करते हुए कहा, ''वह अपनी रणनीति और क्षेत्ररक्षण की जमावट को लेकर पूरी तरह स्पष्ट रहता है। आधुनिक क्रिकेट में गेंदबाज के लिए यह स्पष्टता बेहद जरूरी है।' 

CSK नौ मैचों में चार जीत के साथ अब बाकी बचे पांच लीग मैचों में 'करो या मरो' जैसी स्थिति में पहुंच गई है। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को हराने के बाद सिमंस को भरोसा है कि उनकी टीम प्लेऑफ में जगह बना सकती है। उन्होंने कहा, ''तालिका में शीर्ष चार और बाकी टीमों के बीच थोड़ा अंतर जरूर बन गया है, लेकिन हमारी किस्मत अभी भी हमारे हाथ में है। हमें पता है कि हम लीग की किसी भी टीम को हरा सकते हैं। अगर हम अपनी क्षमता के अनुसार खेलते हैं, तो शीर्ष पर पहुंचने से हमें कोई नहीं रोक सकता। जब हम अच्छा खेलते हैं, तो हमें हराना बेहद मुश्किल हो जाता है।'