कोलकाता : तेज गेंदबाज हर्षित राणा टी20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैच के दौरान लगी चोट के कारण शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए बड़ा झटका है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप अभ्यास मैच के दौरान इस तेज गेंदबाज के दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव आ गया था। इसके बाद फरवरी में उनकी सर्जरी हुई और उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन के लिए जाना पड़ा।
KKR के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने कहा, ''यह बड़ा झटका है क्योंकि हर्षित राणा पिछले कुछ सत्र से टीम के अभिन्न अंग रहे हैं। इनमें वह सत्र भी शामिल है जिसमें टीम चैंपियन बनी थी। पिछले एक साल में उन्होंने एक क्रिकेटर के रूप में काफी तरक्की की है।' उन्होंने कहा, 'हमें हर्षित राणा की कमी खलेगी। उनकी जगह भरना आसान नहीं है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में हमने कई गेंदबाजों को परखा है कि कौन इस भूमिका में फिट बैठता है और कौन अपनी पूरी क्षमता से यह काम कर सकता है। उम्मीद है कि हम कुछ दिनों में फैसला ले लेंगे।'
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की चोट ने भी नए सत्र से पहले KKR की रणनीति को गड़बड़ा दिया है। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने बाद में एक विज्ञप्ति में कहा, 'मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2026 में भाग लेने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने का आग्रह किया है लेकिन अभी तक उनका फिटनेस परीक्षण नहीं हुआ है। वह रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं और इसके बाद ही उनका फिटनेस परीक्षण किया जाएगा।'
नवदीप सैनी, आकाश मधवाल, सिमरजीत सिंह, संदीप वारियर और केएम आसिफ कुछ ऐसे तेज गेंदबाज हैं जिन्हें इस सप्ताह ईडन गार्डन्स में अभ्यास करते हुए देखा गया। आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है और KKR अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह दो अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा।
KKR के मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे हैं लेकिन टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे का मानना है कि टी20 विश्व कप के बाद मिला ब्रेक इस स्पिनर के लिए मददगार साबित होगा। रहाणे ने कहा, 'मुझे वरुण की गेंदबाजी में कोई कमी नजर नहीं आती। टी20 विश्व कप में विपक्षी बल्लेबाजों ने वरुण चक्रवर्ती का बहुत अच्छी तरह से सामना किया। मुझे लगता है कि यह 10 दिन का ब्रेक उनके लिए काफी मददगार साबित होगा।' चक्रवर्ती ने विश्व कप में 14 विकेट लिए लेकिन उन्होंने प्रति ओवर 9.25 रन दिए।