Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Delhi Capitals ने धर्मशाला में खेले गए रोमांचक मुकाबले में Punjab Kings को 3 विकेट से हराकर IPL 2026 में अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा। दिल्ली कैपिटल्स ने 211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए एक ओवर बाकी रहते मैच जीत लिया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो युवा ऑलराउंडर Madhav Tiwari रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।

गेंद और बल्ले से चमके माधव तिवारी

माधव तिवारी ने पहले गेंदबाजी में 2 विकेट लेकर पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी को झटका दिया। उन्होंने प्रियांश आर्य और कूपर कॉनॉली जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद रन चेज के दबाव भरे माहौल में माधव ने 8 गेंदों पर नाबाद 18 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनकी पारी ने दिल्ली को धर्मशाला में किसी भी टीम द्वारा सबसे बड़ा सफल T20 रन चेज पूरा करने में मदद की।

मैच के बाद क्या बोले माधव?

जीत के बाद माधव तिवारी ने टीम मैनेजमेंट का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह लगातार अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पर मेहनत कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'सबसे पहले मैं मैनेजमेंट को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे यह मौका दिया। मैं खुश हूं कि मैं टीम की जीत में योगदान दे सका। अगर चीजें आपके हाथ में नहीं हैं तो आपको हर प्रैक्टिस सेशन में खुद को बेहतर बनाना होता है।' 

माधव ने बताया कि उन्होंने गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल के साथ अपनी बॉलिंग पर काफी काम किया, जबकि बल्लेबाजी को लेकर बैटिंग कोच Ian Bell से मदद मिली। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैं खुद को 100 प्रतिशत गेंदबाज और 100 प्रतिशत बल्लेबाज मानता हूं।'

इयान बेल की सलाह आई काम

माधव तिवारी ने खुलासा किया कि बल्लेबाजी के दौरान इयान बेल ने उन्हें सिर्फ साधारण क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा, 'बैटिंग कोच इयान बेल ने मुझसे कहा था, ‘तुम्हारे पास पावर है, तुम्हारे पास सबकुछ है। कुछ फैंसी करने की कोशिश मत करो। बस अपना शेप बनाए रखो और गेंद के हिसाब से रिएक्ट करो।' माधव ने बताया कि पिच लेंथ गेंदबाजों की मदद कर रही थी, इसलिए उन्होंने उसी के हिसाब से गेंदबाजी करने की कोशिश की।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ उम्मीदें बरकरार

दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत बेहद अहम रही। टीम लगातार दो हार के बाद मैदान पर उतरी थी और अगर यह मुकाबला हार जाती तो IPL 2026 से बाहर होने वाली तीसरी टीम बन सकती थी। अब इस जीत के साथ दिल्ली ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।