Sports

सियोंगनैम (कोरिया) : भारतीय गोल्फर विराज मादप्पा ने दूसरे दौर में होल इन वन सहित छह अंडर 65 का दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया जिससे वह शुक्रवार को यहां जीएस केलटेक्स मेइकयुंग ओपन में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर पहुंच गए। पहले दौर में 71 का स्कोर बनाने वाले मादप्पा का कुल स्कोर छह अंडर है और वह संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रही बायो किम (67-68), डोंगमिन ली (65-70) और एमेच्योर मिनह्युक सोंग (69-66) की कोरिया तिकड़ी से एक शॉट पीछे हैं।

भारतीयों के लिए शुक्रवार का दिन अच्छा रहा और उसके 9 में से 7 खिलाड़ी कट हासिल करने में सफल रहे। पहले दौर में 71 का स्कोर बनाने वाले खलिन जोशी ने दूसरे दौर में 68 का स्कोर बनाया और वह संयुक्त 11वें स्थान पर हैं। वीर अहलावत (71-71) संयुक्त 27वें पायदान पर हैं। 

अंतिम होल में बर्डी के साथ हनी बैसोया (72-71) संयुक्त 38वें जबकि गगनजीत भुल्लर (70-74) और एस चिकारंगप्पा (73-71) संयुक्त 51वें स्थान पर हैं। करणदीप कोच्चर (70-75) भी संयुक्त 63वें स्थान के साथ कट हासिल करने में सफल रहे। शिव कपूर (76-72) और अमन राज (80-75) हालांकि कट हासिल करने में नाकाम रहे।