Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2027 से पहले ऋषभ पंत और कुलदीप यादव के हाई-प्रोफाइल ट्रेड के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने टीम को मजबूत बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जहां पंत दिल्ली कैपिटल्स में लौट गए हैं, वहीं कुलदीप यादव LSG का हिस्सा बन चुके हैं। अब फ्रेंचाइजी ने अपने बल्लेबाजी विभाग को और मजबूत करने के लिए नया बैटिंग कोच नियुक्त करने के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए विदेशी ट्रेनिंग प्रोग्राम भी तैयार किया है।

जी. जयकुमार बने LSG के नए बैटिंग कोच

रिपोर्ट्स के मुताबिक, LSG ने पूर्व केरल क्रिकेटर जी. जयकुमार को बैटिंग कोच नियुक्त करने का फैसला किया है। वह क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी, मुख्य कोच जस्टिन लैंगर और गेंदबाजी कोच भरत अरुण के साथ सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा होंगे। फ्रेंचाइजी का लक्ष्य घरेलू खिलाड़ियों की बल्लेबाजी को नई ऊंचाई तक पहुंचाना है। टीम भविष्य के लिए दमदार पावर-हिटर्स तैयार करना चाहती है और मौजूदा खिलाड़ियों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों को तराश चुके हैं जयकुमार

जी. जयकुमार घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों को निखारने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि अपने खेल के दिनों में वह तेज गेंदबाज थे, लेकिन कोचिंग में उन्होंने बल्लेबाजी विशेषज्ञ के रूप में खास पहचान बनाई। माना जाता है कि साई सुदर्शन जैसे युवा बल्लेबाजों के विकास में भी उनका अहम योगदान रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जयकुमार की नियुक्ति के बाद लांस क्लूजनर के सपोर्ट स्टाफ से बाहर होने की संभावना भी जताई जा रही है।

भारतीय बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया में मिलेगी विशेष ट्रेनिंग

LSG ने खिलाड़ियों के विकास के लिए ऑस्ट्रेलिया में विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम भी तैयार किया है। टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर की देखरेख में भारतीय बल्लेबाजों का एक समूह पर्थ में ट्रेनिंग करेगा, जहां उन्हें कठिन परिस्थितियों में बल्लेबाजी और पावर-हिटिंग पर काम कराया जाएगा। इस बैच में हिम्मत सिंह, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, आयुष बदोनी और अर्शिन कुलकर्णी के शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी अगले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे और उसके बाद चेन्नई में जी. जयकुमार के साथ आगे की ट्रेनिंग करेंगे।

अगले सीजन के लिए मजबूत टीम बनाने की तैयारी

ऋषभ पंत-कुलदीप यादव ट्रेड के बाद LSG के पास आगामी नीलामी के लिए अच्छा-खासा पर्स उपलब्ध होने की संभावना है। ऐसे में फ्रेंचाइजी टीम में और बदलाव करने के साथ संतुलित और मजबूत स्क्वॉड तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नया कोचिंग सेटअप और विदेशी ट्रेनिंग प्रोग्राम इसी लंबी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

NO Such Result Found