Sports

न्यूयॉर्क: 2026 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के बाद अर्जेंटीना और स्पेन के खिलाड़ियों के बीच हुई झड़प पर फीफा ने कड़ी कार्रवाई की है। अर्जेंटीना के मिडफील्डर लियोनार्डो पारेदेस को सबसे बड़ी सजा मिली है। उन्हें 10 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए निलंबित करने के साथ 90 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। 

स्पेन ने वर्ल्ड कप फाइनल में अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराया था। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद फीफा ने मामले की जांच शुरू की थी।

पारेदेस पर सबसे बड़ी कार्रवाई

फीफा की कार्रवाई में पारेदेस को सबसे लंबा प्रतिबंध मिला है। अर्जेंटीना के इस मिडफील्डर को 10 अंतरराष्ट्रीय मैचों से बैन किया गया है और उन पर 90 हजार डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है। अर्जेंटीना के ही नाहुएल मोलिना को सात मैचों के लिए निलंबित किया गया है। उन पर भी 90 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, थियागो अल्माडा को एक मैच के बैन के साथ 30 हजार डॉलर का जुर्माना भरना होगा।

अयाला और गावी भी फीफा की कार्रवाई की चपेट में

अर्जेंटीना के सहायक कोच रॉबर्टो अयाला पर भी फीफा ने कार्रवाई की है। उन्हें तीन मैचों के लिए निलंबित किया गया है और 30 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, स्पेन के मिडफील्डर गावी को भी फाइनल के बाद हुई झड़प में उनकी भूमिका के लिए एक मैच का प्रतिबंध और 30 हजार डॉलर का जुर्माना मिला है। इन व्यक्तिगत प्रतिबंधों को मिलाकर अर्जेंटीना के खिलाड़ियों और स्टाफ को कुल 21 मैचों का निलंबन झेलना पड़ेगा।

"फाइनल के बाद हुई झड़प" बनी कार्रवाई की वजह

स्पेन की 1-0 की अतिरिक्त समय में जीत के बाद मैदान पर तनाव बढ़ गया था। इसी दौरान अर्जेंटीना और स्पेन के खिलाड़ियों के बीच टकराव हुआ, जिसके लिए पारेदेस, मोलिना, अल्माडा, अयाला और गावी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। फीफा ने जुलाई में ही इस घटना और टूर्नामेंट के दौरान अर्जेंटीना से जुड़े अन्य मामलों की जांच शुरू कर दी थी। अब जांच पूरी होने के बाद विश्व फुटबॉल संस्था ने बड़ा फैसला सुनाया है।

फॉकलैंड द्वीप समूह के बैनर पर भी लगा जुर्माना

अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) पर फीफा ने कुल 3.21 लाख अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई वर्ल्ड कप के दौरान कई अनुशासनात्मक उल्लंघनों को लेकर की गई है। इनमें इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल जीत के बाद फॉकलैंड द्वीप समूह से जुड़ा राजनीतिक बैनर दिखाना भी शामिल है। इसके अलावा भेदभावपूर्ण व्यवहार और अन्य अनुशासनहीन घटनाओं को भी जुर्माने का आधार बनाया गया।

घरेलू मैचों पर भी प्रतिबंध

फीफा ने अर्जेंटीना को अगले दो घरेलू मैचों में स्टेडियम की क्षमता 50 प्रतिशत तक सीमित रखने का भी आदेश दिया है। हालांकि, इस सजा का एक हिस्सा निलंबित रखा गया है। फीफा ने यह भी निर्देश दिया है कि अर्जेंटीना पर लगाए गए जुर्माने में से 1 लाख डॉलर की राशि भेदभाव विरोधी कार्यक्रमों और पहलों में निवेश की जाए।

किसे कितनी सजा मिली?

लियोनार्डो पारेदेस – 10 मैच का बैन, 90 हजार डॉलर जुर्माना
नाहुएल मोलिना – 7 मैच का बैन, 90 हजार डॉलर जुर्माना
थियागो अल्माडा – 1 मैच का बैन, 30 हजार डॉलर जुर्माना
रॉबर्टो अयाला – 3 मैच का बैन, 30 हजार डॉलर जुर्माना
गावी – 1 मैच का बैन, 30 हजार डॉलर जुर्माना
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन – 3.21 लाख डॉलर जुर्माना।

NO Such Result Found