Sports

नई दिल्ली : बांग्लादेश को आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप से आउट कर दिया था क्योंकि वो अपने मुकाबले भारत में खेलने को राजी नहीं हुआ। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की एंट्री कराई। इस फैसले से पाकिस्तानी टीम को मिर्ची लग गई और उसने भारत के खिलाफ ग्रुप मैच से अनुपस्थित रहने का फैसला लिया। पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के खिलाफ ग्रुप मैच में भाग लेने की परमिशन नहीं दी है। यह हाईवोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में निर्धारित है। 

टी20 वर्ल्ड कप से पहले इस विवाद ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। इस मुद्दे पर अब भारत के दिग्गज क्रिकेटर्स खुलकर सामने आ गए हैं और पाकिस्तान के रुख पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। किसी ने इसे राजनीति से प्रेरित फैसला बताया, तो किसी ने खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी पर सवाल उठाए। टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाजों मदन लाल, चेतन शर्मा और अतुल वासन ने पाकिस्तानी टीम को लताड़ा है। इन तीनों दिग्गजों ने आजतक के खास कार्यक्रम ‘सलाम क्रिकेट' में पूरे मामले पर खुलकर बात की। 

चेतन शर्मा का मानना है कि मौजूदा हालात लंबे समय तक नहीं टिकेंगे और पाकिस्तान जल्द ही अपने फैसले से यूटर्न ले सकता है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में होने वाले चुनावों के बाद माहौल बदल सकता है और तब एक आधिकारिक बयान सामने आ सकता है कि जनता की भावना को देखते हुए क्रिकेट जारी रहना चाहिए। चेतन ने अपने राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जब आप राजनीति में होते हैं तो फैसले अक्सर राजनीतिक परिस्थितियों से प्रभावित होते हैं, लेकिन क्रिकेट अंतत: खिलाड़यिों और फैन्स के लिए होता है। 

चेतन शर्मा ने कहा, ‘12 तारीख को बांग्लादेश में चुनाव हैं। उसके बाद आप यू-टर्न देखेंगे। एक बयान आएगा कि जनता की भावना को देखते हुए क्रिकेट जारी रहना चाहिए। मैं खुद राजनीति में रहा हूं, चुनाव लड़ चुका हूं। जब आप क्रिकेटर होते हैं तो आपके खून में क्रिकेट होता है, जब आप राजनेता होते हैं तो राजनीति। चुनाव के बाद शायद आर्मी चीफ भी कहें कि खेल को राजनीति से दूर रखना चाहिए और मैच होना चाहिए। फिलहाल पाकिस्तान ने आईसीसी को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। सिफर् बयान देने से कुछ नहीं होता, कोई भी रिटायरमेंट का ऐलान कर सकता है, लेकिन जब तक आधिकारिक रूप से जमा नहीं होता, कुछ बदलता नहीं।' 

वहीं 1983 वर्ल्ड कप में विजेता टीम के सदस्य रहे मदन लाल ने पाकिस्तान के फैसले को गलत बताते हुए कहा कि खिलाड़यिों के हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उनका मानना है कि मैदान पर आकर खेलना ही सही रास्ता है और मैच से इनकार करना देश की छवि के लिए ठीक नहीं है। मदन लाल कहते हैं, ‘इससे फर्क पड़ेगा। उन्होंने गलत फैसला लिया है। पाकिस्तान में कोई साफ सोच नहीं रहा। कोई खिलाड़यिों के बारे में नहीं सोच रहा। लोग कहते हैं पाकिस्तान को आर्थिक नुकसान होगा, लेकिन दूसरी टीमों के खिलाड़ी भी प्रभावित होंगे। उन्हें आकर खेलना चाहिए और जीतने की कोशिश करनी चाहिए। खेलने से मना करना देश के लिए सही नहीं है। अगर पाकिस्तान नहीं खेलता, तो यह बहुत गलत फैसला होगा।' 

इसी बीच अतुल वासन ने इस पूरे विवाद पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैच किसी और देश में कराए जा सकते हैं, लेकिन खेल को जारी रहना चाहिए। अतुल वासन ने कहा, ‘बांग्लादेश को वापस लाओ और मैच श्रीलंका में कराओ। पाकिस्तान को टी20 वल्डर् कप से बाहर कर दो।'