Sports

खेल डैस्क : मुंबई इंडियंस के मौजूदा मेंटर सचिन तेंदुलकर अंबानी परिवार के करीबियों में से एक हैं। वह हाल ही में जामनगर में मुकेश और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत की प्री-वेडिंग पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने नए जोड़े को नए अंदाज में सोशल मीडिया पर बधाई दी जिसे क्रिकेट फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। सचिन ने अनंत और राधिका पर अपना आशीर्वाद बरसाकर एलबीडब्ल्यू को एक नया अर्थ दिया।

अनंत और राधिका जुलाई 2024 में शादी के बंधन में बंधेंगे। इससे पहले कई तरह के फेस्टिवल आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम  में जामनगर में तीन दिवसीय कार्यक्रम करवाया गया था। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने अनंत और राधिका की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हुए लिखा- एलबीडब्ल्यू का मतलब अनंत और राधिका के लिए प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं है! खूबसूरत जोड़ी को शुभकामनाएं।

बता दें कि अनंत की प्री-वेडिंग पार्टी में प्रमुख भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया है। समारोह में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, जहीर खान, ड्वेन ब्रावो, एमएस धोनी भी नजर आए थे। सचिन इसके बाद मुंबई इंडियंस टीम के साथ व्यस्त हो जाएंगे। मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के पास 5 आईपीएल खिताब हैं। इस दौरान फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया है जोकि मुंबई से गुजरात टाइटंस में जाने के बाद अपनी टीम को एक खिताब दिलाने के बाद दूसरे में फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। इस दौरान रोहित शर्मा के प्रदर्शन पर भी नजरें रहेंगी।