Sports

आसन (दक्षिण कोरिया) : गुरुवार को कड़े मुकाबले के बाद तीन गेम में हार के साथ भारत की अनमोल खर्ब का कोरिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन अभियान प्री-क्वाटर्र फाइनल में खत्म हो गया। आसन यी सन-सिन जिम्नेजियम में खेलते हुए, महिला सिंगल्स बैडमिंटन रैंकिंग में 45वें स्थान पर मौजूद अनमोल खर्ब, वियतनाम की ओलंपियन वू थी ट्रांग से 23-21, 15-21, 21-18 से हारकर बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। 

अनमोल खर्ब शुरुआती गेम में ज्यादातर समय नियंत्रण में थीं, लेकिन उन्होंने चार गेम पॉइंट गंवा दिए जिससे वू थी ट्रांग को शुरुआती बढ़त मिल गई। इसके बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने दूसरे गेम में ज़बरदस्त वापसी की; उन्होंने इंटरवल के समय अपनी 11-9 की बढ़त का फ़ायदा उठाते हुए मैच को बराबरी पर ला दिया और निर्णायक गेम की स्थिति बना दी। निर्णायक गेम में, अनमोल खर्ब 19-9 से पीछे चल रही थीं, लेकिन फिर उन्होंने लगातार आठ पॉइंट जीतकर वापसी की कोशिश की। हालांकि, यह वापसी थोड़ी देर से हुई और वू थी ट्रांग ने संयम बनाए रखते हुए मैच जीत लिया और अगले राउंड में जगह बना ली। 

इस बीच पिछले हफ्ते ताइपे ओपन का खिताब जीतने के बाद तन्वी शर्मा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और एक ऑल-इंडियन प्री-क्वाटर्र फ़ाइनल में श्रियांशी वालिसेट्टी को 21-16, 17-21, 21-13 से हराया। पहले गेम में 11-7 से पिछड़ने के बाद, तन्वी शर्मा ने तेज़ मूवमेंट और आक्रामक स्ट्रोकप्ले के साथ मैच पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया और कई पॉइंट जीतकर पहला गेम अपने नाम किया। श्रियांशी वालिसेट्टी ने दूसरे गेम में वापसी की और इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली। 

तन्वी शर्मा ने अंकों का अंतर कम करके वापसी की थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन श्रियांशी वालिसेट्टी ने संयम बनाए रखते हुए दूसरा गेम जीता और मैच को निर्णायक गेम तक पहुँचाया। हालांकि, निर्णायक गेम में तन्वी शर्मा शुरू से ही हावी रहीं। उन्होंने इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बनाई और फिर निर्णायक रूप से आगे निकल गईं। जीत पक्की करने के रास्ते में उन्होंने सिफऱ् चार और अंक गंवाए और 57 मिनट में मैच अपने नाम किया। 

भारत की अश्मिता चालिहा और रक्षिता रामराज भी महिला सिंगल्स के क्वाटर्र फ़ाइनल में तन्वी शर्मा के साथ शामिल हो गईं। अश्मिता चालिहा ने घरेलू खिलाड़ी किम मिन-जी को 21-17, 21-6 से हराया, जबकि रक्षिता रामराज ने जापान की मनामी सुइज़ू को 22-20, 21-10 से मात दी। हालांकि, पांचवीं वरीयता प्राप्त इशारानी बरुआ और मानसी सिंह का कोरिया मास्टर्स का सफ़र यहीं खत्म हो गया। 

इशारानी बरुआ को कोरिया गणराज्य की किम मिन-सन के हाथों 17-21, 21-18, 21-19 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि मानसी सिंह को चीन की चौथी वरीयता प्राप्त हान कियानक्सी से 21-12, 14-21, 21-17 से हार मिली। मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले में ईशान भटनागर-श्रुति मिश्रा की जोड़ी को कड़े संघर्ष के बाद शिन-किम की जोड़ी से 16-21, 21-16, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।