स्पोर्ट्स डेस्क : जोंटी रोड्स का मानना है कि भले ही रोहित शर्मा को जन्म से ही कोई असाधारण टैलेंट नहीं मिला था लेकिन अपने काम करने के तरीके में निरंतरता (कंसिस्टेंसी) की वजह से उन्होंने जबरदस्त सफलता हासिल की। रोहित क्रिकेट जगत में एक बड़ा नाम हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ IPL में भी कप्तान के तौर पर उनका करियर शानदार रहा है। रोहित अभी अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रहे हैं।
रोड्स ने मुंबई इंडियंस के साथ फील्डिंग कोच के तौर पर बिताए अपने समय को याद किया, जब उन्होंने बहुत करीब से देखा था कि रोहित अपने खेल पर कैसे काम करते थे। दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व क्रिकेटर के मुताबिक रोहित की खासियत यह है कि वह मुश्किल चीजों को भी आसान बना देते हैं।
प्रखर गुप्ता के यूट्युब चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'मैं पत्रकारों से हमेशा कहता रहता हूं कि मेरे पास दुनिया का सबसे अच्छा काम था। मुझे रोहित शर्मा को प्रैक्टिस करते हुए देखने का मौका मिला। वह भारी-भरकम वर्कआउट सेशन के बजाय मैदान के बीच में जाकर माहौल को महसूस करना पसंद करते थे। वह सब कुछ बहुत आसान बना देते हैं। उन्हें जन्म से ही कोई खास टैलेंट नहीं मिला था, लेकिन उनके काम करने के तरीके में हमेशा निरंतरता रही है, वह हमेशा से ऐसे ही रहे हैं।'
रोड्स ने कहा कि भारत के महान कप्तान MS धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा इसलिए सफल रहे हैं क्योंकि टीम की कप्तानी करते समय वे जैसे थे, वैसे ही रहे और उन्होंने किसी और के काम करने के तरीके को अपनाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा, 'उनकी कप्तानी का अंदाज हमेशा एक जैसा रहा है। वह असल में बहुत मजाकिया हैं। स्टंप माइक पर उनकी मजेदार बातें सुनने को मिलती हैं और वह अपने साथियों की टांग खिंचाई भी करते हैं। उनका व्यक्तित्व हमेशा से ऐसा ही रहा है। बात वहीं आ जाती है। आपको MS धोनी या विराट जैसा बनने की जरूरत नहीं है। आपको बस वैसा ही रहना है जैसे आप हैं। वे तीनों बहुत अलग हैं और सफल इसलिए हैं क्योंकि उनमें निरंतरता है।'
रोड्स ने रोहित की तुलना मौजूदा भारतीय टेस्ट उप-कप्तान केएल राहुल से करते हुए कहा कि दोनों में अपनी सहज टाइमिंग से फैन्स का दिल जीतने की काबिलियत है। उन्होंने कहा, 'रोहित कुछ-कुछ केएल राहुल जैसे हैं। वह सब कुछ बहुत आसान बना देते हैं। लेकिन KL की तुलना में रोहित एथलीट के तौर पर उतने शानदार नहीं दिखते। फिर भी जब वह सहज टाइमिंग के साथ गेंद को हिट करते हैं, तो उन्हें बैटिंग करते हुए देखना बहुत आकर्षक लगता है।'