Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद टीम इंडिया को देशभर में जोरदार स्वागत मिला। हालांकि इस जश्न के बीच 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य कीर्ति आजाद के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने पटना लौटने के बाद इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

हनुमान मंदिर जाने पर कीर्ति आजाद का सवाल

दरअसल, ट्रॉफी जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और ICC चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी लेकर अहमदाबाद के मोटेरा हनुमान मंदिर पहुंचे थे। वहां उन्होंने जीत के लिए भगवान का आशीर्वाद लिया। कई फैंस ने इसे आभार प्रकट करने का तरीका बताया, लेकिन कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर इस कदम पर सवाल उठाए। 

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि जब 1983 में कपिल देव की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप जीता था तो टीम में हर धर्म के खिलाड़ी थे और ट्रॉफी पूरे देश की थी। उन्होंने पूछा कि ट्रॉफी मंदिर क्यों ले जाई गई, मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारा क्यों नहीं। उनका कहना था कि भारतीय टीम पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती है, किसी एक धर्म का नहीं।

ईशान किशन ने रिपोर्टर पर जताई नाराजगी

जब पटना में ईशान किशन से कीर्ति आजाद के बयान पर सवाल पूछा गया तो वह काफी नाराज दिखे। उन्होंने रिपोर्टर को फटकार लगाते हुए कहा कि टीम ने इतनी बड़ी जीत हासिल की है और इस समय ऐसे सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए।

ईशान किशन ने कहा, 'आप क्या पूछ रहे हैं? हमने इतना शानदार वर्ल्ड कप जीता है। मुझे क्या कहना चाहिए कि कीर्ति आजाद ने क्या कहा। कुछ अच्छा सवाल पूछिए। यह बेकार का सवाल है।' किशन ने साफ कर दिया कि वह टीम की जीत के जश्न के बीच किसी विवाद पर चर्चा नहीं करना चाहते।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

कीर्ति आजाद के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने उनके बयान का समर्थन किया तो कई फैंस ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों का बचाव किया। कई क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि मंदिर जाना खिलाड़ियों की व्यक्तिगत आस्था का हिस्सा था और इसे विवाद का विषय नहीं बनाना चाहिए।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन का शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में भारत के लिए ओपनिंग करते हुए लगातार आक्रामक बल्लेबाजी की। ईशान ने 9 पारियों में 317 रन बनाए और वह भारत के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका औसत 35.22 रहा जबकि स्ट्राइक रेट 193.29 का रहा, जो बेहद प्रभावशाली है। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

फाइनल में भी खेली विस्फोटक पारी

न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली और भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने बड़ा स्कोर खड़ा किया और बाद में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।