Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : Sanju Samson ने ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले टीम इंडिया में अपनी जगह को लेकर बड़ा खुलासा किया है। संजू ने स्वीकार किया कि उन्हें महसूस होने लगा था कि Ishan Kishan उनकी ओपनिंग जगह के सबसे बड़े दावेदार बन चुके हैं।हालांकि बाद में संजू ने शानदार वापसी करते हुए टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड अपने नाम किया। वहीं ईशान किशन भी भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

‘ईशान अचानक आए और सब बदल गया’

CSK पॉडकास्ट में अभिनव मुकुंद से बातचीत के दौरान संजू सैमसन ने कहा कि ईशान किशन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके टीम इंडिया में लौटे थे। संजू ने कहा, 'सच कहूं तो ईशान किशन अचानक टीम में आए। उन्होंने शानदार मुश्ताक अली टूर्नामेंट खेला, झारखंड को चैंपियन बनाया और उनकी कहानी भी कमाल की रही।'

उन्होंने आगे कहा, 'हम हमेशा खुद को देखते हैं। मुझे लगता था कि मैंने भी दिन-रात मेहनत की है, लेकिन पिछले कुछ समय में मुझे महसूस हुआ कि ईशान ने भी वही किया है। पिछले दो साल में जो कुछ उनके साथ हुआ, सिस्टम से बाहर होना और फिर घरेलू क्रिकेट में वापसी करना आसान नहीं था।'

‘मैं कैमरे पर मान सकता हूं...’

संजू ने माना कि ईशान की लगातार शानदार फॉर्म देखकर उन्हें लगने लगा था कि उनकी जगह खतरे में है। 'मैं कैमरे पर यह मान सकता हूं कि मुझे महसूस होने लगा था कि वह मेरी जगह लेने आ रहे हैं।'

ईशान के शतक के बाद बदल गया सबकुछ

संजू सैमसन ने बताया कि तिरुवनंतपुरम में न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन के शतक ने उन्हें पूरी तरह सोचने पर मजबूर कर दिया था। उस मैच में संजू सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्होंने कहा, 'तिरुवनंतपुरम में जब उसने शतक लगाया तो मैंने खुद से कहा, ‘संजू अब यह जगह उसे दे दो, वह तुमसे ज्यादा डिजर्व करता है। तुम्हें मौके मिले लेकिन तुम रन नहीं बना पाए। दूसरी तरफ कोई खिलाड़ी शानदार फॉर्म में है।'

'वह मुश्ताक अली से शानदार प्रदर्शन करके आया था और वर्ल्ड कप से ठीक पहले सेंचुरी भी लगा चुका था। तब मैंने खुद से कहा कि अब चीजों को स्वीकार कर लेना चाहिए।'

फिर बदली संजू की किस्मत

हालांकि टूर्नामेंट के दौरान Abhishek Sharma के बीमार होने के बाद संजू को दोबारा मौका मिला। उन्होंने पहले नामीबिया के खिलाफ 22 रन बनाए और फिर मौके का पूरा फायदा उठाया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम मैनेजमेंट ने संजू को दोबारा प्लेइंग XI में शामिल किया और ईशान किशन को नंबर-3 पर भेजा गया।

इसके बाद संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। फिर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 89-89 रन बनाकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।

दोनों बल्लेबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

T20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन ने 321 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 317 रन जोड़े। ईशान ने पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की मैच जिताऊ पारी भी खेली, जबकि संजू सुपर-8, सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार अर्धशतक लगाकर भारत के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए।