Sports

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर की चोट के कारण आने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से बाहर हो गए हैं। 25 साल के एडवर्ड्स को IPL नीलामी के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 3 करोड़ रुपए में खरीदा था। यह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर 2025 की नीलामी में खरीदा जाने वाला एकमात्र अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी था। एडवर्ड्स ने जनवरी 2026 में लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना T20I डेब्यू किया था। इस ऑलराउंडर ने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है जिसमें उन्होंने पांच रन बनाए हैं। 

इस 25 साल के खिलाड़ी ने 77 टी20 मैचों में 57 पारियां खेली हैं जिसमें उन्होंने 853 रन बनाए हैं और 52 विकेट लिए हैं। एडवर्ड्स का बिग बैश लीग (BBL) 2025-26 का सीजन काफी अच्छा रहा था। उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए 13 मैचों में 19 विकेट लिए और 133 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने अपनी राज्य टीम, न्यू साउथ वेल्स के लिए दो शेफील्ड शील्ड मैच खेले, जिनमें से आखिरी मैच गुरुवार को ही खत्म हुआ था। 

एडवर्ड्स की गैरमौजूदगी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक और झटका है, क्योंकि IPL 2026 की शुरुआत में उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस भी टीम के साथ नहीं होंगे क्योंकि वे अभी भी अपनी कमर की चोट (lumbar stress injury) से उबर रहे हैं। हैदराबाद ने भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम का कार्यवाहक कप्तान बनाया है। 

सनराइजर्स हैदराबाद डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 28 मार्च को टूर्नामेंट के पहले मैच में सामना करेगी। इसके बाद हैदराबाद 2 अप्रैल को तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी जिसके बाद 5 अप्रैल और 11 अप्रैल को क्रमशः लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच होंगे।